नागपुर महानगरपालिका चुनाव के शुरुआती रुझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने प्रतिद्वंद्वियों से काफी आगे निकलती नजर आ रही है। पार्टी 40 सीटों पर आगे चल रही है। नागपुर नगरपालिका पर भाजपा का ही कब्जा था लेकिन पार्टी ने पिछला चुनाव शिव सेना के साथ मिलकर लड़ा था जबकि इस बार दोनों अलग-अलग लड़े। नागपुर में दूसरे नंबर पर कांग्रेस नजर आ रही है जिसके 10 प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। वहीं शिव सेना और मनसे अभी तक किसी भी निकाय में आगे नहीं निकल पाए हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) मुख्यालय और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गढ़ नागपुर में महानगर पालिका के चुनावी नतीजे सूबे की सियासत में बेहद अहम हैं। 21 फरवरी को मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस ने नागपुर में वोट डाला था, अपना वोट डालने के बाद उन्होंने कहा था कि नागपुर की जनता को बदलाव के लिए वोट करना चाहिए। उनका इशारा शिवसेना की ओर था। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि नागपुर की जनता ने सीएम की अपील को कितनी तवज्जो दी है। हालांकि नागपुर में वोटिंग का प्रतिशत काफी कम रहा था और लगभग 53 फीसदी लोगों ने मतदान किया था। नागपुर में 151 सीटों के लिए मतदान हुआ है।
BMC चुनाव नतीजे 2017: लाइव अपडेट पढ़ने के लिए क्लिक करें-
नागपुर महानगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी का कब्जा है। साल 2012 में यहां बीजेपी को 62, शिवसेना को 6 सीटें, कांग्रेस को 41, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को 6 और बीएसपी को 12 मिली थीं। जबकि अन्य के खाते में 16 सीटें गई थी। खास बात ये है कि पिछले चुनाव में भाजपा और शिव सेना ने मिलकर नगर निकाय चुनाव लड़ा था लेकिन इस बार दोनों ने 25 सालों पुराना दोस्ताना तोड़कर अलग-अलग ताल ठोकी है। प्रवीण दातके इस समय नागपुर के मेयर हैं। साल 2012 की तुलना में इस साल एक प्रतिशत ज्यादा मतदान हुआ है। लेकिन साल 2014 में हुए लोक सभा चुनाव और विधान सभा चुनावों की तुलना में नगर निकाय चुनावों में मतदान प्रतिशत काफी कम रहा है। भाजपा ने साल 2014 में हुए विधान सभा चुनाव के बाद राज्य में सर्वाधिक सीटों पर जीत हासिल करते हुए सरकरा बनायी थी। ऐसे में इस बार उस पर अपना कब्जा बरकरार रखने के साथ ही प्रदर्शन बेहतर करने का भी दबाव रहेगा।
PMC चुनाव नतीजे 2017: के ताजा अपडेट जानने के लिए क्लिक करें-
महाराष्ट्र में कुल 10 नगर महापालिकाएं हैं जिनमें देश की सबसे अमीर नगरपालिका बृहन मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) भी शामिल है। चुनाव में बीएमसी को छोड़कर बाकी नौ नगरपालिकाओं में चार-चार वार्डों का प्रभाग बनाया गया है। नागपुर के 151 वार्डों के लिए कुल 38 प्रभाग बनाए गए हैं। हर प्रभाग में मतदाताओं को उसमें शामिल किए हर वार्ड के लिए अलग-अलग वोट देना होता है। महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों में करीब 1.80 करोड़ मतदाताओं वोट देते हैं।
BMC चुनाव 2017: शिवसेना की कई गढ़ों में बीजेपी का दबदबा, पार्टी प्रवक्ता जतिन गजारिया का दावा