ठाणे सेन्ट्रल जेल में बंद करीब 700 कैदियों ने मंगलवार को दूसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर पूरे देश के साथ मिल कर कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का आयोजन यरवदा सेन्ट्रल जेल और पतंजलि योग समिति ने मिल कर किया। इस कार्यक्रम में महानिदेशक :जेल: बी के उपाध्याय और जेल अधीक्षक हीरालाल जाधव मौजूद थे।
कैदियों और वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा जेल के कर्मचारियों ने भी योग किया। ठाणे शहर के दादोजी कोनददेव स्टेडियम में आज तड़के आयोजित कार्यक्रम में मेयर संजय मोरे और जिला क्लेक्टर महेन्द्र कल्यांकर भी शामिल हुये। ठाणे मानसिक रोग अस्पताल में कर्मियों और अधीक्षक डॉक्टर राजेन्द्र शिरसत के साथ करीब 100 मरीजों ने ‘आसनों’ का अभ्यास किया। कुछ मरीजों ने योग के अभ्यास और कार्यक्रम में शामिल होने के अपने अनुभवों को साझा किया।