राजस्व खुफिया निदेशालय की मुंबई जोनल इकाई ने 55 वर्षीय बोलीवियाई महिला को गिरफ्तार किया है। महिला कोकीन से भरे हुए कंडोम को प्राइवेट में छिपाकर तस्करी करने की कोशिश कर रही थी, तभी उसे मुंबई एयरपोर्ट पर दबोच लिया गया। सूत्रों के मुताबिक महिला के कब्जे से 212 ग्राम कोकीन बरामद किया गया जिसकी कीमत करीब 1.55 करोड़ रुपए बताई जाती है।
मुबंई मिरर में छपी खबर के मुताबिक महिला की पहचान रिबेरा एंजी डेलिसिया के रूप में की गई है। उसके कब्जे से कोकीन से भरे तीन कंडोम मिले। इनमें से दो कंडोम में उसने अपने प्राइवेट पार्ट में छिपा रखे थे। जांच एजेंसी उस व्यक्ति की तलाश में जुटी हैं जो महिला से नशीली पदार्थ लेने वाला था।
जानकारी के मुताबिक राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने महिला को सोमवार (2 मार्च, 2020) सुबह 7:30 बजे पकड़ा और बाद में उसे हिरासत में ले लिया। खुफिया इनपुट में बताया गया कि महिला नशीला पदार्थ कोकीन के साथ यात्रा कर रही है। सूत्रों के मुताबिक DRI के पास महिला पासपोर्ट नंबर था, जिससे उसे दबोचने में खासी मदद मिली।
महिला को हिरासत में लेने के बाद उसे सर जेजे हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां कोर्ट की अनुमति के बाद उसका मेडिकल टेस्ट, एक्स-रे कराया गया, क्योंकि इंटेलिजेंस इनपुट था कि महिला शरीर में कोकीन छिपाकर यात्रा कर रही थी। DRI इसके अलावा तीन नाइजीरियाई की भी तलाश कर रहा है जो वर्तमान में ब्राजील और बोलीविया में है। शक है कि ये तीनों कोलम्बिया/मैक्सिको में मादक पदार्थ कार्टेल के लिए काम कर रहे हैं।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक तीन नागरिकों में से एक आदमी ब्राजील में है। जिसने कथित तौर पर डेलिसिया को उसके शरीर में कोकीन छिपाकर भारत लाने को कहा था। DRI ने सिटी कोर्ट को यह जानकारी दी है। बताया जाता है कि नाइजीरियाई आदमी ने डेलिसिया को इस काम के बदले में करीब डेढ़ लाख रुपए देने की पेशकश की थी।