महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक स्टील कंपनी में 100 से ज्यादा मजदूरों ने कंपनी के कर्मचारियों पर हमला बोल दिया। इस हमले को रोकने की कोशिश में करीब 19 पुलिसकर्मी घायल हो गए जबकि 12 से ज्यादा वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस की ओर से इस पूरे मामले पर बताया कि पालघर जिले के बोईसर कस्बे में स्थित स्टील कंपनी में शनिवार को मजदूर संघ के करीब 100 मजदूरों ने कर्मचारियों पर हमला बोल दिया और हमले को रोकने की कोशिश में 19 पुलिसकर्मी घायल हो गए जबकि 12 के करीब वाहन को नुकसान हुआ है। आगे जानकारी देते हुए कहा कि इस घटना के संबंध में पुलिस की ओर से करीब 27 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पालघर पुलिस के प्रवक्ता सचिन नवादकर ने बताया कि स्थिति को देखते हुए फैक्ट्री परिसर में बड़ी संख्या में पुलिसबल को तैनात कर दिया गया है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण है लेकिन नियंत्रण में है। मजदूर संघ और फैक्ट्री के बीच एक मुद्दे को लेकर काफी लंबे समय से विवाद चल रहा था। हालांकि उन्हीं यह नहीं बताया कि यह विवाद किस मुद्दे को लेकर था।
आगे उन्होंने बताया कि शनिवार को मजदूर संघ के कुछ सदस्य फैक्ट्री के अंदर घुस आए थे और कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। वहीं, इसके साथ परिसर में भी तोड़फोड़ की। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद वहां मौजूद भीड़ ने पत्थरों से सुरक्षा कर्मियों पर हमला करना शुरू कर दिया।
नवादकर ने बताया कि फैक्ट्री से मिली शिकायत के आधार पर मजदूर संघ के 100 से अधिक मजदूरों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं में हत्या का प्रयास, दंगा और आपराधिक साजिश रचने के लिए केस दर्ज किया गया है। पुलिस की ओर से 27 मजदूरों को पकड़ा जा चुका है जबकि बाकी बचे लोगों की पहचान की जा रही है।
इससे पहले 21 अप्रैल को महाराष्ट्र के पालघर में एक केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई थी, जिसमें फैक्ट्री के मैनेजर की मौत हो गई थी। फायर बिग्रेड विभाग के अधिकारियों ने इस मामले पर बताया था कि फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में केमिकल स्टोर थे। उन्हीं में से किसी केमिकल में आग लग गई और पूरी फैक्ट्री में फैल गई।