भारत बंद, Bharat Bandh Today: पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर विपक्ष ने सोमवार (10 सितंबर) को भारत बंद का आयोजन किया था। इस बंद में शामिल होने का ऐलान राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने भी किया था। मनसे कार्यकर्ताओं ने भारत बंद के दौरान मुंबई में जमकर तोड़फोड़ की और उत्पात मचाया।
लाठी-डंडों से लैस मनसे कार्यकर्ता सुबह से ही बाइकों पर सवार होकर दुकानें और प्रतिष्ठान बंद करवाने के लिए निकले थे। मनसे कार्यकर्ताओं ने खुले हुए बैंक और एटीएम को भी निशाना बनाया। कई जगहों पर एटीएम के शीशे फोड़कर जबरन शटर गिरवा दिया गया। मनसे के कार्यकर्ताओं ने गार्ड और सुरक्षा अधिकारियों के साथ भी हाथापाई करके जबरन बैंक और एटीएम में ताले डलवा दिए। कार्यकर्ताओं ने भारतमाता जंक्शन नाका और परेल में जबरन दुकानें बंद करवाईं।
#BharatBandh: MNS workers in Mumbai forcefully shut down shops and establishments at Bharatmata Junction Naka, Parel pic.twitter.com/foAit9JGH7
— ANI (@ANI) September 10, 2018
वहीं मुंबई के कुरार इलाके में भाजपा के पार्षद विनोद मिश्रा के दफ्तर पर भी जबरदस्त तोड़फोड़ की गई। जिस वक्त मनसे के कार्यकर्ता पार्षद के दफ्तर में पहुंचे, वहां सिर्फ एक महिला थी जो साफ-सफाई कर रही थी। मनसे के कार्यकर्ताओं ने कार्यालय में घुसकर टेबल कुर्सियां उलट दीं। टीवी फोड़ दिया। कंप्यूटर समेत अन्य उपकरण भी जमीन पर पटककर तोड़ दिए गए। बाद में मीडिया से बातचीत में भाजपा पार्षद विनोद मिश्रा ने कहा कि मैं या कोई अन्य कार्यकर्ता दफ्तर में नहीं था, उस वक्त उन्होंने ये तोड़फोड़ की है। इस तोड़फोड़ को ये नवनिर्माण कहते हैं तो ऐसे नवनिर्माण का मैं निषेध करता हूं।
इसके अलावा मनसे के कार्यकर्ताओं ने डीएन नगर स्टेशन पर भी जोरदार हंगामा किया। मनसे के कार्यकर्ताओं ने प्लेटफॉर्म से पटरी पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान मनसे कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार हाय-हाय के नारे भी लगाए। वैसे बता दें कि पूरे देश में तेल और डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ विपक्ष ने इस बंद का ऐलान किया था। हालांकि भाजपा शासित महाराष्ट्र सरकार ने भी ऐसे संकेत दिए हैं कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी राज्य में पेट्रोल और डीजल पर से वैट की दर घटा सकते हैं। बता दें कि साल के अंत में चार राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, इनमें से एक राज्य राजस्थान भी है। इसके अलावा मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और मिजोरम में भी चुनाव होने वाले हैं।