मुंबई में बच्चों को बंधक बनाने के आरोपी की पुलिस की गोली से मौत हो गयी। आरोपी को पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान गोली मार दी। मुंबई के जाने- माने RA स्टूडियो की पहली मंजिल पर चल रही एक्टिंग क्लास में आरोपी ने 15-20 बच्चों को स्टूडियो में बंधक बना लिया था। हालांकि, पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

रोहित आर्या के एनकाउंटर को लेकर पुलिस ने बताया कि आरोपी ने बातचीत विफल होने पर पुलिस पर गोली चलाई। बाद में पता चला कि वह एयर गन थी। पुलिस की जवाबी कार्यवाही में आरोपी को गोली लगी। इसके बाद अस्पताल में रोहित की मौत हो गयी। मुंबई पुलिस ने बच्चों को बंधक बनाने वाले शख्स को हिरासत में ले लिया था और बंधक बनाए गए सभी बच्चे सुरक्षित निकाले गए थे।

मुंबई पुलिस ने बताया , “सभी बच्चों को घटनास्थल से सुरक्षित बचा लिया गया है। रोहित आर्या नाम के व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस उससे बात कर रही है और पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया और क्या वह वास्तव में मानसिक रूप से अस्थिर है।”

पुलिस उपायुक्त दत्ता नलावडे ने बताया कि पुलिस को दोपहर करीब 1 बजकर 45 मिनट पर सूचना मिली कि महावीर क्लासिक बिल्डिंग में आर ए स्टूडियो के अंदर एक व्यक्ति ने बच्चों को बंधक बना लिया है। उन्होंने बताया कि पवई पुलिस के अधिकारी त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी), बम निरोधक दस्ते और दमकल विभाग की एक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पढ़ें- NDA प्रत्याशी अनिल कुमार पर चुनाव प्रचार के दौरान हमला

बच्चों को छुड़ाए जाने से पहले, रोहित आर्या ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें कहा गया था कि वह कुछ लोगों से बात करना और उनसे सवाल पूछना चाहता है, और उसे पैसे नहीं चाहिए। आर्य ने धमकी दी कि अगर उसे ऐसा करने नहीं दिया गया, तो वह स्टूडियो में आग लगा देगा। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पुलिस ने रोहित से बातचीत करने की कोशिश की लेकिन जब बातचीत में कोई प्रगति नहीं हुई तो पुलिस की टीम बाथरूम के रास्ते स्टूडियो में घुसी और अंदर मौजूद एक अन्य व्यक्ति की मदद से उसे काबू कर लिया।

मुंबई पुलिस ने बताया कि 17 बच्चों, एक वरिष्ठ नागरिक और एक अन्य व्यक्ति (जिसने पुलिस की मदद की) को बचा लिया गया। डीसीपी ने बताया कि पुलिस आर्य की पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। मुंबई पुलिस ने कहा, “सभी बच्चे सुरक्षित हैं और उन्हें उनके अभिभावकों को सौंप दिया गया है। उचित सत्यापन के बाद अन्य विवरण जल्द से जल्द साझा किए जाएंगे।”

आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर लग रहा- मुंबई पुलिस

इससे पहले मुंबई पुलिस ने बताया था, “रोहित आर्या नाम के एक व्यक्ति ने मुंबई के पवई इलाके में कुछ बच्चों को बंधक बना लिया है। उसने एक वीडियो जारी किया है जिसमें वह कथित तौर पर कह रहा है कि वह कुछ लोगों से बात करना चाहता है और अगर उसे ऐसा करने नहीं दिया गया, तो वह सब कुछ आग लगा देगा और खुद को और बच्चों को नुकसान पहुँचाएगा। यह व्यक्ति मानसिक रूप से अस्थिर लग रहा है और पुलिस मामले को संभालने की कोशिश कर रही है।”

यह घटना दिनदहाड़े हुई, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। बच्चे खिड़कियों से बाहर झांकते नजर आए जबकि नीचे उनके परिजन रोते-बिलखते पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके को घेर लिया गया। आर ए स्टूडियो के बाहर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया।

पढ़ें- बोकारो में आईआरबी जवान की गोली मारकर हत्या