Mumbai News: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के अंधेरी इलाके में एक होटल के कमरे में गुरुवार (29 सितंबर) को 30 वर्षीय मॉडल का शव पंखे से लटका मिला। हाउसकीपिंग स्टाफ के बार-बार फोन करने पर गुरुवार को उसने दरवाजा नहीं खोला। जिसके बाद होटल के मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक, मॉडल ने बुधवार रात करीब 8 बजे होटल में चेक-इन किया और डिनर भी ऑर्डर किया। हाउसकीपिंग स्टाफ के फोन करने पर भी जब उसने दरवाजा नहीं खोला तो पुलिस को सूचना दी गयी। होटल पहुंचने पर पुलिस की मौजूदगी में होटल स्टाफ ने मास्टर की से कमरा खोला तो मॉडल का शव पंखे से लटका मिला। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। सुसाइड नोट पर मॉडल ने लिखा, “मुझे खेद है। इसके लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। मैं खुश नहीं हूं। मुझे बस शांति चाहिए।”
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार: पुलिस ने उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। वर्सोवा पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है और आगे के विवरण की प्रतीक्षा है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मॉडल ने होटल में बुधवार की रात करीब 8 बजे चेक इन किया। प्राथमिक जांच में पता चला कि उसने खाना मंगाया था और होटल के कमरे में ही डिनर किया।
पुलिस के अनुसार, ऐसा संदेह है कि मॉडल पिछले कुछ महीनों से फिल्म इंडस्ट्री में काम नहीं मिलने के कारण डिप्रेशन में थी। एक अधिकारी ने बताया कि वह लोखंडवाला के यमुना नगर सोसायटी की रहने वाली थी।
साल 2021 में 1.64 लाख लोगों ने की आत्महत्या: राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो (NCRB) की ‘एक्सीडेंटल डेथ्स एंड सुसाइड्स इन इंडिया – 2021’ रिपोर्ट के आंकड़ों के अनुसार, देश में साल 2021 के दौरान 1.64 लाख से अधिक लोगों ने आत्महत्या की और औसतन 450 लोगों की मौत प्रतिदिन हुई। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 18 लोगों की मौत हर घंटे हुई। किसी भी कैलेंडर वर्ष के लिए यह अब तक का सबसे उच्चतम आंकड़ा है।
आत्महत्या करने वाले लोगों में लगभग 1.19 लाख पुरुष, 45,026 महिलाएं और 28 ट्रांसजेंडर शामिल थे। आंकड़ों के अनुसार कोविड-19 महामारी से पहले की तुलना में साल 2020 और 2021 में आत्महत्या के मामलों में तेजी से बढ़ोत्तरी देखी गई है।