मुंबई पुलिस ने मंगलवार को एक शख्स को चर्च में क्रॉस में तोड़फोड़ के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने कहा कि शख्स ने 23 फरवरी को मलाड (पूर्व) के ओरलेम में एक मॉनेस्ट्री और क्रॉस में तोड़फोड़ की थी।

मलाड स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा कि कीर्तन सिंह के रूप में पहचाने गए आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह निराश महसूस कर रहा था और उसने क्रॉस को इसलिए तोड़ दिया क्योंकि उसकी प्रार्थनाओं का उत्तर नहीं दिया गया था। पुलिस ने कीर्तन सिंह की पहचान की और तकनीकी जानकारी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसे ट्रैक किया।

मेरी प्रार्थना की सुनवाई नहीं हो रही थी इसलिए तोड़ दिया क्रिश्चियन क्रॉस

मुंबई पुलिस के अधिकारी के अनुसार, कीर्तन सिंह ओरलेम में अवर लेडी ऑफ लूर्डेस चर्च के सामने कुटी में प्रार्थना करता था। उड़ीसा का मूल निवासी कीर्तन 2020 में मुंबई आया था। वह निराश था क्योंकि उसे उस शहर में काम खोजने में मुश्किल हो रही थी। वह फिल्म इंडस्ट्री में काम करने की उम्मीद में मुंबई आया था। काम न मिलने पर उसने एक चाइनीज फूड स्टॉल पर एक छोटी सी नौकरी की। काफी संघर्ष करने के बाद भी उसे मनचाही नौकरी नहीं मिल पाई। हताशा में उसने कुटी और क्रॉस को नुकसान पहुंचाया। अधिकारी ने कहा कि आरोपी कीर्तन सिंह ने हाल ही में अपनी मां और भाई को खो दिया था जिससे वह अवसाद में चला गया था।

मां और भाई की मौत के बाद से निराश था शख्स

सीसीटीवी फुटेज समेत टेक्निकल सर्विलांस का इस्तेमाल कर कीर्तन कुमार सिंह का पता लगाया गया। वह कांचपाड़ा में एक चाइनीज फूड स्टॉल पर काम करता है। चर्च के फादर माइकल पिंटो ने कहा, “आरोपी कीर्तन सिंह ने कबूल किया कि उसने कुटी को क्षतिग्रस्त कर दिया था और फिर क्रॉस को भी तोड़ दिया था। जब मैंने पूछा कि उसने ऐसा क्यों किया तो उसने मुझे रोते हुए बताया कि वह अपनी मां और भाई की मौत के बाद बहुत निराश था। उसने दावा किया कि वह चर्च में नियमित रूप से प्रार्थना करता था लेकिन उसकी प्रार्थनाओं का कोई परिणाम नहीं निकला।”

मुंबई के चर्च से मूर्ति चोरी

मुंबई में एक चर्च से एक अज्ञात व्यक्ति ने सेंट एंथनी की प्रतिमा चोरी कर ली है। मुंबई पुलिस ने इस संबंध में एफ़आईआर दर्ज की है। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि 21 फरवरी को भायखला इलाके में ग्लोरिया गिरजाघर परिसर में स्थित प्रतिमा की चोरी करने के दोषी को पकड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। भायखला थाने के अधिकारी ने कहा कि गिरजाघर परिसर के बाहर ग्रिल दरवाजे का ताला तोड़कर प्रतिमा की चोरी की गई है। गिरजाघर के सीसीटीवी फुटेज के अनुसार ऐसा प्रतीत होता है कि दोषी नशे का आदी है और जल्द पैसा कमाने के इरादे से उसने इस अपराध को अंजाम दिया। अधिकारी ने कहा कि हम दोषी की तलाश कर रहे हैं और उम्मीद है उसे जल्द पकड़ लिया जाएगा।