कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच बस सेवा फिलहाल सस्पेंड कर दी गई है। कर्नाटक परिवहन निगम की बस के कंडक्टर ने यात्री को मराठी में जवाब नहीं दिया, जिसके बाद उसपर कथित रूप से हमला किया गया। इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों राज्यों के बीच बस सेवा को निलंबित करना पड़ा है। यह घटना कर्नाटक के बेलगावी के बाहरी इलाके में हुई। बेलगावी महाराष्ट्र की सीमा से सटा हुआ है।

पुलिस ने 3 को किया गिरफ्तार

पुलिस ने मारपीट के संबंध में तीन को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। वहीं कंडक्टर पर भी पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। 51 वर्षीय महिला बस कंडक्टर ने बताया कि वह बस में चढ़ी और एक लड़की मराठी में बात कर रही थी। उन्होंने लड़की से कहा कि वह मराठी नहीं जानती। इसके बाद कंडक्टर के अनुसार लड़की ने गाली देते हुए कहा कि उन्हें मराठी सीखनी चाहिए। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और कंडक्टर पर हमला कर दिया।

घायल कंडक्टर अस्पताल में भर्ती

बस कंडक्टर को बेलगावी आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया है। उसे मामूली चोट आई है और खतरे से बाहर है। इस मामले पर कर्नाटक पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कंडक्टर पर हमले के सिलसिले में एक मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं दूसरी ओर से 14 वर्षीय नाबालिग ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर कंडक्टर के खिलाफ यौन अपराध से बच्चों का संरक्षण अधिनियम पॉक्सो के तहत अपमानजनक टिप्पणी करने का मामला दर्ज किया है। पॉक्सो अधिनियम के मामले में अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।

डोनाल्ड ट्रंप और PM मोदी की कैसी रही मुलाकात? एस जयशंकर ने वैश्विक नेताओं से तुलना पर दिया बड़ा बयान

कन्नड़ समर्थक कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

पुलिस अभी आरोपी की जांच करेगी और उसके अनुसार आगे की कार्यवाही की करेगी। जैसे ही मामला सुर्खियों में आया, उसके तुरंत बाद कन्नड़ संगठनों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। कन्नड़ समर्थक कार्यकर्ताओं ने बेलगावी-बागलकोट मार्ग को जामकर प्रदर्शन किया। हालांकि पुलिस ने सभी को हटा दिया और अगले आदेश तक दोनों राज्यों के बीच बस सेवा पर रोक लग गई।

महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री का बड़ा फैसला

वही कर्नाटक में महाराष्ट्र परिवहन निगम की बस पर भी हुए हमले को लेकर महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने अगले आदेश तक बसों को निलंबित करने का आदेश दे दिया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कर्नाटक सरकार को अपना रुख स्पष्ट करना होगा। उन्होंने कहा कि जब तक उसका रुख स्पष्ट नहीं होता है, तब तक कर्नाटक के लिए बस सेवाएं फिर से शुरू नहीं की जाएगी।