Maharashtra Assembly Election 2019: हरियाणा के प्रत्याशियों का ऐलान करने के एक दिन बाद भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र में भी अपने प्रत्याशियों की पहली सूची (BJP Candidate List) जारी कर दी है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Maharashtra CM Devendra Fadanvis) संघ के गढ़ कहे जाने वाले नागपुर दक्षिण-पश्चिम से चुनाव लड़ेंगे। वहीं प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल कोठरूड और मंत्री पंकजा मुंडे परली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। पहली सूची में 125 प्रत्याशियों के नाम हैं। इसके साथ ही सतारा लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भी टिकट का ऐलान किया गया है। बीजेपी ने सतारा से उदयनराजे भोसले को मैदान में उतारा है।
कांग्रेस छोड़ बीजेपी में आए पाटिल को मिला टिकटः कांग्रेस छोड़कर बीजेपी जॉइन करने वाले राधाकृष्ण विखे पाटिल को शिर्डी से मौका दिया गया है। वहीं राज्य सरकार में मंत्री गिरिश महाजन को जामनेर विधानसभा से उम्मीदवार बनाया गया है। बता दें कि टिकट वितरण के पहले बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव भी मुंबई पहुंचे थे।
List of BJP candidates for the ensuing Bye-election to the Parliamentary Constituency and General Election to the Legislative Assembly of Maharashtra. https://t.co/v5gbhIXOng pic.twitter.com/whyR7aePF8
— BJP (@BJP4India) October 1, 2019
बता दें कि 21 अक्टूबर को महाराष्ट्र के साथ-साथ हरियाणा में भी मतदान होगा। सोमवार (30 सितंबर) को ही बीजेपी ने हरियाणा में भी अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की थी। महाराष्ट्र में सभी 288 और हरियाणा की सभी 90 सीटों पर एक ही चरण में मतदान होगा। इसके अलावा झारखंड में भी विधानसभा चुनाव होना है। तीनों राज्यों में बीजेपी की सरकार है। महाराष्ट्र में एक तरफ बीजेपी-शिवसेना गठबंधन में चुनाव लड़ रहे हैं तो दूसरी तरफ कांग्रेस-एनसीपी (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) ने एक बार फिर गठबंधन किया है।
National Hindi News, 01 October 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
ऐसा रहा था पिछला विधानसभा चुनावः महाराष्ट्र में इससे पहले 2014 में विधानसभा चुनाव हुआ था। इस चुनाव में बीजेपी और शिवसेना अलग-अलग लड़े थे। बीजेपी 122 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी थी लेकिन बहुमत से दूर रह गई। वहीं शिवसेना 63 सीटों पर जीती थी। चुनाव के बाद शिवसेना के समर्थन से बीजेपी ने सरकार बनाई थी। वहीं इस चुनाव में कांग्रेस महज 42 और एनसीपी 41 सीटों पर सिमट गई थी।