भारतीय जनता पार्टी (BJP) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। रविंद्र चव्हाण ने अमित शाह के साथ बैठक में राज्य में होने वाले नगर निगम चुनाव से पहले संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की। सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि रविंद्र चव्हाण ने बुधवार को दिल्ली में अमित शाह के साथ देर रात बैठक की। इस दौरान उन्होंने अमित शाह को राज्य में हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों के बारे में जानकारी दी।

अमित शाह से मिले महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष

रविंद्र चव्हाण का यह दौरा मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बीच चुनाव तैयारियों को लेकर हुई चर्चा के बाद हुआ। सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान अमित शाह को देवेंद्र फड़नवीस और एकनाथ शिंदे के बीच हुई चर्चा की संक्षिप्त जानकारी दी गई। भाजपा के स्थानीय निकाय चुनाव प्रभारी चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा है कि सत्तारूढ़ महायुति के घटक दल – भाजपा, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) सहयोगी के रूप में चुनाव लड़ेंगे।

महाराष्ट्र में दो दिसंबर को हुए विभिन्न नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव में महायुति के घटक दलों को कुछ स्थानों पर एक-दूसरे से कड़ी टक्कर मिली। कुछ क्षेत्रों में तो सत्तारूढ़ सहयोगियों के समर्थकों के बीच हाथापाई भी हुई। निर्वाचन अधिकारियों ने अब तक बृहन्मुंबई महानगरपालिका समेत विभिन्न नगर निकायों के चुनाव का कार्यक्रम घोषित नहीं किया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार महाराष्ट्र में विभिन्न स्थानीय निकायों के चुनाव 31 जनवरी, 2026 तक संपन्न होने हैं।

लड़की बहिन योजना में करा लिया 12,431 पुरुषों ने रजिस्ट्रेशन, महाराष्ट्र में सरकारी खजाने को लगी 164 करोड़ की चपत

शिंदे फड़नवीस के बीच बैठक

महाराष्ट्र में देवेंद्र फड़नवीस ने जब से मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है, उसके बाद से ही एकनाथ शिंदे नाराज बताए जा रहे हैं। शिंदे गुट का मानना है कि एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए था और उनके चेहरे पर चुनाव लड़ा गया था। हालांकि शिंदे ने आधिकारिक तौर पर ऐसा नहीं कहा है। नागपुर में महाराष्ट्र विधानसभा का विशेष सत्र चल रहा है और दो दिन पहले ही एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फड़नवीस ने डेढ़ घंटे तक बैठक की।

हाल ही में जो नगर निकाय चुनाव हुए हैं, उसमें कई जगहों पर महायुति के अलग-अलग उम्मीदवार उतरे। अब मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, मीरा भयंदर, वसई विरार और कल्याण डोंबिवली महानगरपालिका में चुनाव होने वाले हैं। माना जा रहा है कि यहां पर महायुति एकजुट होकर चुनाव लड़ सकती है।