दिल्ली के ढोंगी बाबा वीरेंद्र दीक्षित का एक और आश्रम मध्य प्रदेश के इंदौर में भी मिला है। इस आश्रम में तीन लड़कियां पाई गईं, जिनमें से दो नाबालिग हैं। पुलिस ने दो को चाइल्ड लाइन के हवाले कर दिया और एक को नारी निकेतन भेज दिया है। इस आश्रम में मिले रजिस्टर में महिलाओं, वृद्धों सहित कई आयु वर्ग के लोगों के नाम दर्ज हैं। इंदौर के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) हरि नारायण चारी मिश्र ने मंगलवार (26, दिसंबर) को बताया, ‘परदेसीपुरा थाना क्षेत्र के सुभाष नगर में बाबा दीक्षित का एक आध्यात्मिक केंद्र होने की सूचना मिली। पुलिस ने सोमवार रात छापा मारा तो वहां तीन लड़कियां पाई गईं, जिनमें से दो बिहार की और एक पश्चिम बंगाल की थी।’
मिश्र के अनुसार, ‘आश्रम में मिली दो नाबालिगों को चाइल्ड लाइन के हवाले कर दिया गया है, वहीं बालिग लड़की को नारी निकेतन भेज दिया गया है, साथ ही मकान मालिक द्वारा किराएदार की सूचना पुलिस को ना देने पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।’ गौरतलब है कि पिछले दिनों बाबा वीरेंद्र के दिल्ली स्थित आश्रम पर पुलिस की दबिश में 40 नाबालिग लड़कियां मिली थीं। उसके बाद से बाबा फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है। आध्यात्मिक यूनिवर्सिटी के नाम पर चलाए जा रहे आश्रम में यौन शोषण के मामले में 23, दिसंबर को भी बड़ी कार्रवाई हुई। पुलिस ने यूपी के फर्रुखाबाद में आरोपी बाबा वीरेंद्र दीक्षित के आश्रम से एक और युवती को आजाद कराया।
रेड करने पहुंची पुलिस को आश्रम में तहखाने भी मिले। इनकी जांच की जा रही है। दिल्ली के द्वारका से पांच अन्य लड़कियों को भी छुड़ाया गया। इससे पहले बीते दिनों दिल्ली के उत्तम नगर से 70 लड़कियों को बाबा के चुंगल से आजाद कराया गया था। राजस्थान के माउंट आबू और यहां के अन्य आश्रमों से 65 लड़कियों को छुड़ाया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अबतक वीरेंद्र देव दीक्षित के पांच आश्रमों से 150 से ज्यादा महिलाओं और युवतियों को आजाद कराया जा चुका है। चौंकाने वाली बात यह है कि जिन्हें आजाद कराया गया है उनमें 42 से ज्यादा लड़की नाबालिग हैं। वहीं आरोपी वीरेंद्र को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है, हालांकि हाईकोर्ट ने उसे चार जनवरी को कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया है।
बता दें कि आश्रम के संस्थापक आरोपी बाबा वीरेंद्र ने देशभर में इस तरह के आश्रम खोल रखे हैं जहां पर प्रत्येक आयु की लड़कियां रहती हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि आरोपी बाबा भगवान कृष्ण की तरह 16 हजार पत्नियां बनाना चाहता था। रिपोर्ट में यह कहा गया है कि बाबा के आश्रम में रहने वाली लड़कियों के मुताबिक आरोपी बाबा रोजाना 10 लड़कियों का रेप करता था। इतना ही नहीं आरोपी लड़कियों के बारे में यह भी जानकारी रखता था कि उन्हें पहला मासिक धर्म कब आता है। जैसे ही किसी लड़की को मासिक धर्म होता तो आरोपी उसे अपने कमरे में ले जाता था, जहां पर वह उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता था।
बाबा के एक पुराने अनुयायी ने मेल टुडे को बताया कि बाबा नशे का आदी था। आरोपी बाबा लड़कियों के द्वारा दूषित नहीं होना चाहता था इसलिए वह हमेशा अपने साथ कंडोम रखता था। बाबा ने अपने लिए एक अनुयायी रखा था जो कि आरोपी के लिए केवल कंडोम लाने का काम किया करता था।