मध्यप्रदेश में एक चर्चित महंत सीताराम दास पर रेप का आरोप लगा है। घटना एमपी के रीवा जिले की है। आरोपी महंत के कई नामी लोगों के साथ पुराने फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। जिसमें महंत पुलिस अधिकारियों के साथ भी दिख रहा है। दास प्रसिद्ध आध्यात्मिक नेता वेदांती महाराज का शिष्य और पोता है। दास इस सप्ताह होने वाले कथावाचन कार्यक्रम के लिए रीवा आया हुआ था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा ने बताया कि मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक वीआईपी सर्किट हाउस में एक 16 वर्षीय लड़की के साथ बलात्कार किया गया है। वर्मा ने कहा कि मुख्य आरोपी सीताराम दास महाराज उर्फ समर्थ त्रिपाठी फरार है, जबकि उसका साथी और कुख्यात अपराधी विनोद पांडे, जिसने सर्किट हाउस में कमरा बुक किया था और लड़की को वहां लाया था, को गिरफ्तार कर लिया गया है। वर्मा ने कहा कि त्रिपाठी एक अप्रैल से सतना में अध्यात्म पर भाषण देने वाला था।
उन्होंने कहा- “सोमवार को विनोद पांडेय, लड़की को सतना से ले कर आया था। लड़की कुछ व्यक्तिगत समस्या के कारण परेशान थी और उससे मदद मांगी थी। पांडे उसे कमरे में ले गया, जहां त्रिपाठी और दो अन्य लोगों ने शराब पी और लड़की को भी जबरदस्ती शराब पिलाई। बाद में पांडे समेत सभी लोग कमरे से बाहर आए और बाहर से ताला लगा दिया। त्रिपाठी ने लड़की के साथ बलात्कार किया और बाद में पांडे को गेट खोलने के लिए बुलाया। पांडे ने लड़की को रेप के बारे में किसी को भी न बोलने के लिए मनाने की भी कोशिश की…”।
घटना के बाद लड़की ने इसकी जानकारी अपने परिवार वालों को दी। जिसके बाद लड़की के परिवार वालों ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने आरोपी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 342, 504 , 323, 328, और 376 डी के तहत मामला दर्ज किया है।
पीड़िता की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, कमरे में पांच-छह लोग थे और वे सभी काफी नशे में थे। शिकायत के अनुसार उसने रेप से बचने की कोशिश भी की थी, तब उसे पीटा भी गया था। साथ ही किसी को इसके बारे में बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी।