मध्य प्रदेश के खरगोन में रामनवमी के जुलूस पर पथराव के बाद हिंसा भड़क उठी थी। इसको लेकर सियासी बयानबाजी अभी भी जारी है। खरगोन हिंसा के लिए कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और राज्य के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया था, जिसको लेकर भाजपा के विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस नेता पर पलटवार किया है। रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस नेता को लेकर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा, “जिन्ना की ‘औलाद’ बनकर हिंदू-मुस्लिमों में दिग्विजय सिंह दरार पैदा कर रहे हैं।”
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने दिग्विजय सिंह के बयान पर कहा, “क्या 10 सालों तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ऐसे ही रहे? बिना चेक किए कभी भी कुछ भी शेयर कर दिए? बिना चेक किए मस्जिद की फोटो डाल दिए, बिना चेक किए ‘गरीब मुसलमान बोल दिए।’ दिग्विजय सिंह के बयानों पर भड़के भाजपा विधायक ने कहा, “खुद से यह भी बोल दिए कि भाजपा के लोग उकसाते हैं और पत्थर फेंकते हैं।”
कांग्रेस नेता के बयान पर भड़के भाजपा विधायक
रामेश्वर शर्मा ने दिग्विजय सिंह को सुधरने की नसीहत देते हुए कहा, “पाकिस्तान के साथ तुम्हारे (दिग्विजय सिंह) संबंध पकड़े गए, जाकिर नाईक के साथ दोस्ती पकड़ी गई, तुम हिंदुस्तान के अंदर हिंदू-मुसलमान के बीच खाई भी गहरी कर रहे हो और आतंकवादियों को पनाह दे रहे हो, उनको पाल रहे हो।”
दिग्विजय सिंह ने क्या कहा था
इसके पहले, दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर जमकर हमला बोला था। राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा था कि भाजपा का एजेंडा नफरत फैलाने का है। खरगोन दंगों पर दिग्विजय सिंह ने कहा था कि बीजेपी का मकसद हिन्दू-मुसलमानों को लड़ाने और दंगे कराने का है। कांग्रेस नेता ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी भी सूचना है कि बीजेपी गरीब मुसलमान लड़कों से पत्थर फिंकवाती है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि चेक करने के बाद वह इस पर आगे बात करेंगे। दिग्विजय सिंह के इस बयान के बाद सूबे में एक बार फिर सियासत गरमाई हुई है। उनके बयान के बाद भाजपा नेता कांग्रेस पर जमकर निशाना साध रहे हैं।