Cheetah News in Hindi: मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में पिछले सोमवार को चीतों के दो ग्रुप भिड़ गए। इस फाइट में एक नर चीता घायल हो गया। कूनो नेशनल पार्क के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को जंगल के ओपन एरिया में चीतों के दो समूहों में लड़ाई हो गई। इस वजह से अग्नि नाम का एक नर चीता घायल हो गया, उसका इलाज किया जा रहा है। अभी घायल चीते की हालत में सुधार है।

लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोमवर को शाम करीब साढ़े छह बजे कूनो नेशनल पार्क के ओपन एरिया में नामीबिया से लाए गए दो चीते- शौर्य और गौरव दक्षिण अफ्रीका (South Africa) से लाए गए वायु और अग्नि से भिड़ गए। दोनों समूहों के बीच हुई लड़ाई में अग्नि घायल हो गया। अभी अग्नि का इलाज किया जा रहा है।

कूनो नेशनल पार्क के वनमंडल अधिकारी प्रकाश वर्मा ने बताया कि अब अग्नि की हालत में सुधार है। उन्होंने बताया कि लड़ रहे चीतों को छुड़ाने के लिए KNP मैनेजमेंट ने सायरन बजाया और पटाखे छोड़े। इसके बाद घायल अग्नि को बेहोश कर उसका इलाज किया गया। उन्होंने बताया कि जंगल में चीतों का इस तरह से लड़ना आम बात है।

आपको बता दें कि कुनो नेशनल पार्क में अब तक 6 चीतों की मौत हो चुकी है। इन 6 चीतों में से 3 छोटे बच्चे हैं। कुनो नेशनल पार्क (Kuno National Park) में अभी तक 4 चीते पैदा हुए हैं, जिनमें से तीन की मौत हो चुकी है। 6 चीतों की मौत होने से कुनो नेशनल पार्क के मैनजमेंट पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

महू के आसपास घूम रहा तेंदुआ पकड़ा गया

मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के महू कस्बे के आसपास पिछले एक महीने से घूम रहे एक तेंदुए को मंगलवार को एक ऑटोमोबाइल परीक्षण ट्रैक पर पिंजरे में कैद कर लिया गया। खोज और बचाव अभियान की निगरानी करने वाले वन रेंजर महेश कुमार अहिरवार ने कहा कि तेंदुए को पहली बार महू में सैन्य क्षेत्र में देखा गया था और तब से उसने छह बकरियों को मार डाला है।

उन्होंने कहा कि पीथमपुर के पास ऑटो टेस्टिंग ट्रैक पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से इलाके में तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि हुई। उन्होंने कहा कि इसके बाद उसे पकड़ने के लिए जीवित शिकार के साथ एक पिंजरा लगाया गया और मंगलवार की रात तेंदुआ उसमें फंस गया। अहिरवार ने बताया कि तेंदुए को बुधवार रात जंगल में छोड़ दिया जाएगा।