कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज (गुरुवार, 27 सितंबर) मध्य प्रदेश के चित्रकूट में हैं। उनके आगमन पर पार्टी नेताओं ने उनके स्वागत में जगह-जगह होर्डिंग्स और पोस्टर-बैनर लगवाए हैं जिनमें उन्हें राम भक्त बताया गया है। एक होर्डिंग्स में लिखा है, “भगवान श्री राम राजा जी की तपोभूमि पर कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम भक्त पंडित राहुल गांधी जी का स्वागत वंदन अभिनंदन।” इस होर्डिंग्स को राजीव पयासी मित्र मंडल चित्रकूट विधान सभा द्वारा लगवाया गया है। उस पर चित्रकूट के विधायक नीलांशु चतुर्वेदी और युवा कांग्रेस नेता राजीव पयासी का नाम और फोटो भी छपा है।
इधर, शहर पहुंचने पर राहुल गांधी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कामता नाथ मंदिर पहुंचे और वहां पूजा अर्चना की। पितृपक्ष के दौरान चित्रकूट में पूजा का बड़ा महत्व है। कहा जाता है कि भगवान श्री राम ने भी अपने पिता राजा दशरथ के लिए यहां पितृपक्ष में पूजा की थी। पूजा-पाठ के बाद राहुल ने दूसरे चरण की संकल्प यात्रा की शुरुआत की। यात्रा के बाद वो रजौला में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर बाद राहुल गांधी सतना के बीटीआई ग्राउण्ड में भी एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उनकी इस सभा को लेकर प्रशासन अलर्ट है। शहर में बम स्कॉवयड, डॉग स्क्वॉयड, एसपीजी कमांडो के साथ चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवानों का पहरा है। राहुल गांधी की सुरक्षा में 15 आईपीएस, 18 एएसपी और 30 डीएसपी के साथ-साथ सैफ की चार कंपनियों और डीजी रिजर्व के 600 जवानों को लगाया गया है।
सतना के बाद राहुल गांधी विशेष बस से रीवा के लिए रवाना होंगे। वहां भी राहुल शाम पांच बजे रोड शो करेंगे। बता दें कि कैलाश मानसरोवर यात्रा से लौटने के बाद राहुल गांधी ने 17 सितंबर को भोपाल में रोड शो किया था। वहां उन्हें शिव भक्त के तौर पर पेश किया गया था लेकिन 10 दिन बाद चित्रकूट में उन्हें राम भक्त के तौर पर पेश किया गया है। राहुल गांधी इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश तो भरेंगे ही राज्य के साधु-संतों से बी मिलने का उनका कार्यक्रम है।