भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह शनिवार (06 अक्टूबर) को मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के दौरे पर आ रहे हैं लेकिन उससे पहले ही जिला भाजपा में हड़कंप मच गया है। खबर है कि पार्टी ने जिलाध्यक्ष मनोहर सेठिया की गुरुवार (04 अक्टूबर) को छुट्टी कर दी है और उनकी जगह ओमप्रकाश शर्मा को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। छह महीने पहले ही सेठिया को इस पद पर बैठाया गया था लेकिन सोशल मीडिया पर एक युवती के साथ आपत्तिजनक फोटो वायरल होने के बाद उनकी छुट्टी कर दी गई। सेठिया की विदाई से जिले के पार्टी पदाधिकारियों में गहरी नाराजगी है। उनकी नाराजगी का आलम गुरुवार को ही देखने को मिला जब जिला महामंत्री, जिला उपाध्यक्ष, नगर मंडल अध्यक्ष समेत करीब दो दर्जन पार्टी पदाधिकारियों ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पराशर ने इस्तीफों की पुष्टि की है। विधान सभा चुनावों से करीब दो महीने पहले जिले में भाजपा नेताओं की इस हरकत से पार्टी सकते में है। बता दें कि अमित शाह शनिवार की दोपहर जिले के कॉलेज ग्राउंड में जनजातीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे। आदिवासी बहुल क्षेत्र झाबुआ में अमित शाह की जनसभा भाजपा की अहम रणनीति के तहत आयोजित की जा रही है। यह इलाका कांग्रेस के बड़े नेता कांतिलाल भूरिया का गढ़ माना जाता रहा है। सूत्रों ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष झाबुआ दौरे के क्रम में रतलाम भी जाएंगे और वहां पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। पार्टी अध्यक्ष की सभा सफल हो इसके लिए भाजपा के बड़े नेता झाबुआ में कैम्प कर रहे हैं।
अमित शाह चुनावों से पहले देश भर के अलग-अलग हिस्सों में जाकर बूथ लेवल कार्यकर्ताओं, सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं और पार्टी के नेताओं संग जनसंवाद कर रहे हैं और उन्हें चुनाव प्रबंधन की बारीकियां समझा रहे हैं। इधर, राज्य के केवलारी विधान सभा के करीब एक दर्जन गांवों के लोगों ने विधान सभा चुनाव का बहिष्कार करने का फैसला किया है। कांग्रेस के रजनीश सिंह यहां से विधायक हैं। उन पर ग्रामीणों ने निष्क्रियता का आरोप लगाया है।