मध्य प्रदेश के खरगोन में मंगलवार (9 मई, 2023) को एक बड़े हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। इंदौर की ओर जा रही बस पुल से नीचे जा गिरी। इस हादसे में 15 लोगों की मौत और 25 के घायल होने की खबर है। इस बस में 50 लोग सवार थे। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।

मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि घटना सुबह आठ बज कर करीब 40 मिनट पर हुई। बस डोंगरगांव के पास बोराद नदी के पुल से सूखी नदी में गिर गई। मंत्री ने संवाददाताओं को बताया, “दुर्घटना में 15 लोगों की मौत हो गई और करीब 25 लोग घायल हो गए।” उन्होंने कहा कि घायलों को खरगोन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर दुख जताया है और इसमें घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। राष्ट्रपति भवन ने राष्ट्रपति मुर्मू के हवाले से ट्वीट किया, “खरगोन, मध्यप्रदेश में हुए बस हादसे में कई लोगों के हताहत होने की खबर से मुझे अत्यंत दुख हुआ है।” उन्होंने कहा, “इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं गहन शोक-संवेदनाएं व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”