अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने राजधानी भोपाल में महिला सफाई कर्मचारियों के साथ सड़कों पर झाड़ू लगाई। शिवराज का झाड़ू लगाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इस दौरान उन्होंने सड़क पर महिला सफाईकर्मियों से बात की है। साथ ही उनकी समस्याएं भी सुनी हैं।
झाड़ू लगाने के बाद सीएम ने सड़क पर ही महिला सफाईकर्मियों के साथ चौपाल लगाई है। इसके बाद उन्होंने चाय की चुस्की के साथ चर्चा शुरू की। इस दौरान उन्होंने कहा कि महिलाओं की तरफ से कई तरह के सुझाव आए हैं, लेकिन सबसे बड़ा स्वभाव महिलाओं के सम्मान का है। साथ ही सीएम ने पूछा कि महिलाओं के लिए और क्या होना चाहिए। इसपर महिला सफाईकर्मियों ने सीएम से कहा कि हमारे आने का टाइम तो होता है लेकिन जाने का कोई समय नहीं होता है। इस पर सीएम ने कहा कि ये तो विभागीय मसला है।
सीएम शिवराज ने झाड़ू लगते हुए अपनी तस्वीरें भी ट्वीट की हैं। ट्वीट में उन्होने लिखा “मैं प्रदेश की अपनी बहनों के जीवन को सरल, सुगम और आनंददायी बनाने के लिए अनवरत प्रयत्नशील हूं। आपके हर सुख-दु:ख में मैं शामिल हूं, साथ हूं। आपको सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना ही ध्येय है और इसी में मेरे जीवन की सार्थकता है। #InternationalWomensDay की आप सबको शुभकामनाएं!”
मामा @ChouhanShivraj का #WomensDay महिला ड्राइवर, महिला सुरक्षाकर्मियों और महिला अधिकारियों के साथ निकले भोपाल की सड़कों पर, महिला सफाई कामगारों से की चर्चा और लगाई झाड़ू @ABPNews @vikasbha @Anurag_Dwary @pankajjha_ pic.twitter.com/IzRzwtBn7e
— Brajesh Rajput (@brajeshabpnews) March 8, 2021
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर राजधानी भोपाल में स्व-सहायता समूह की महिलाओं के लिए एक कार्यक्रम रखा गया है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को 200 करोड़ रुपए का कर्ज वितरित करेंगे। यह कार्यक्रम राजधानी भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में रखा गया है। इस कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह की 6 हजार महिलाएं शामिल होंगी।
इसके अलावा शिवराज भोपाल में 13 मार्च को हुनर-हाट का शुभारंभ करेंगे। केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों का मंत्रालय भोपाल में 12 मार्च से 21 मार्च तक ‘‘वोकल फॉर लोकल’’ विषयक हुनर हाट का आयोजन कर रहा है। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि हुनर हाट का आधिकारिक उद्घाटन 13 मार्च को होगा।
उन्होंने कहा कि 31 से अधिक राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के कारीगर और शिल्पकार भोपाल में हुनर हाट में भाग लेंगे। नकवी ने कहा कि दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित पिछला हुनर हाट काफी सफल रहा था जिसमें 20 फरवरी से एक मार्च 2021 के बीच 16 लाख से अधिक लोग आये थे।