Ludhiana Gas Leak: पंजाब के लुधियाना में रविवार (30 अप्रैल, 2023) को गैस लीक होने से 11 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई लोगों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में हुई है। राहत-बचाब के लिए दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पहुंच चुकी हैं। एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच चुकी हैं। अभी तक गैस लीक होने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
मृतक के परिवारों को दो लाख की सहायता राशि
लुधियाना की डिप्टी कमिश्नर सुरभि मलिक ने कहा कि अभी तक 11 मौतों की पुष्टि हुई है। यह संभावना है कि मैनहोल में मीथेन के साथ कुछ रासायनिक प्रतिक्रिया हो सकती है। जांच की जा रही है। मलिक ने कहा कि सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि और घायलों को 50,000 रुपये के साथ फ्री इलाज की घोषणा की है। लुधियाना पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 तहत मामला दर्ज किया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी NDRF
वहीं लुधियाना वेस्ट की एसडीएम स्वाति ने कहा कि यह गैस रिसाव का मामला है। NDRF की टीम मौके पर आ गई है। NDRF की टीम द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ADCP समीर वर्मा ने कहा था कि लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में गैस रिसाव की घटना सामने आई है। हमें गैस लीक होने की सूचना मिली। कई लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। इस क्षेत्र को सील किया जा रहा है। मौके पर NDRF की टीम को बुलाया गया है।
पंजाब के ग्यासपुरा में हुई गैस रिसाव पर राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा, “लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में फैक्ट्री से गैस रिसाव की घटना बेहद दुखद है। पुलिस, सरकार और NDRF की टीम मौके पर मौजूद है। हर संभव मदद की जा रही है।”
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का भी लुधियाना गैल रिसाव पर बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की जान गई, ईश्वर उनके परिजनों को कष्ट को सहने की शक्ति दे। मैं राज्य की सरकार से अनुरोध करता हूं कि इस पर जल्द से जल्द कदम उठाए जाएं। उनके परिवार को मदद पहुंचाई जाए। जिन लोगों की तबीयत खराब हुई है, उनके लिए अस्पताल में सभी तरह के प्रबंध किए जाएं।
महाराष्ट्र के भिवंडी में चार हुई मरने वालों की संख्या
महाराष्ट्र में ठाणे जिले के भिवंडी शहर में ढही दो मंजिला इमारत के मलबे से रविवार को एक और व्यक्ति का शव बरामद किया गया, जिससे इस घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
ठाणे महानगरपालिका (टीएमसी) के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के प्रमुख अविनाश सावंत ने बताया कि अब भी 15 लोगों के फंसे होने की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि वलपाड़ा स्थित वर्धमान कंपाउंड में शनिवार अपराह्न करीब पौने दो बजे इमारत के ढहने से 12 लोग घायल हो गए हैं।
सावंत ने बताया कि इमारत के ग्राउड फ्लोर और पहली मंजिल पर गोदाम थे, जबकि ऊपरी मंजिल पर चार परिवार रहते थे। जब इमारत गिरी तो कुछ मजदूर ग्राउंड पर मौजूद थे। उन्होंने बताया कि NDRF-SDRF की टीम एवं दमकलकर्मियों समेत विभिन्न एजेंसी के कर्मी बचाव अभियान में जुटे हैं।