Giriraj Singh on Love Jihad: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह इन दिनों हिंदू स्वाभिमान यात्रा पर हैं। उन्होंने इस यात्रा पर आपत्ति जताने वाले विपक्षी नेताओं पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को मेरी बातों पर आपत्ति है, मेरा उनसे आग्रह है कि वे कटिहार, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज में 10 दिन तक आकर रहें, तब उन्हें पता चलेगा कि लव जिहाद क्या होता है। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि पहले यह केवल लड़कियों के साथ होता था, लेकिन अब यह लड़कों के साथ भी हो रहा है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि हम पहले ही थूक जिहाद और लैंड जिहाद को देख चुके हैं। अब बेगूसराय में ‘शिक्षा जिहाद’ है। मेरी संस्कृति, धन, भूमि और धर्म, यह सब खतरे में हैं। इसलिए आज मैं हिंदुओं से कह रहा हूं कि अपने धर्म की रक्षा करो, धर्म तुम्हारी रक्षा करेगा। सभी को एकजुट रहना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि संगठित हिंदू ही सुरक्षित हिंदू हैं। मंत्री ने कहा कि बंटोगे तो कटोगे, इसलिए एक रहोगे तो नेक रहोगे।
जहां-जहां हमारी जनसंख्या घटी वहां पर हम नहीं बचे- गिरिराज सिंह
भारतीय जनता पार्टी के नेता ने कहा कि जहां-जहां पर हमारी जनसंख्या घटी है, वहां पर हम नहीं बचे हैं। उन्होंने कहा कि चाहे कश्मीर को देखें या बंगाल को देख लें। दुर्गा पूजा के विसर्जन पर हमें पूछना पड़ता है कि इस गली से क्यों गुजरें। अगर यह बात पूछनी ही है तो बहराइच जाएं।
गिरिराज सिंह ने अंबेडकर की बातों का किया जिक्र
गिरिराज सिंह ने डॉ भीमराव अंबेडकर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने जवाहरलाल नेहरू से कहा था कि सभी मुसलमानों को पाकिस्तान में भेज दें और सभी हिंदुओं को भारत में बुला लें। वरना सामाजिक समरसता समाप्त हो जाएगी। उनकी यह बात आज भी सच है और उनकी यही बात मेरी प्रेरणा स्त्रोत भी है। भीमराव अंबेडकर ने कहा था कि आने वाले दिनों में कभी भी भारत में समस्या नहीं बनेगी। उनकी बात को अनसुना कर दिया गया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरिराज सिंह ने कहा कि यह किसी सियासी पार्टी की यात्रा नहीं है। आरजेडी के हिंदू लोग भी हमारे साथ इस यात्रा में जुड़े हैं और कम्युनिस्ट पार्टी के लोग भी हमारे साथ में चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का मकसद हिंदुओं को एकजुट करना है।