लोकसभा चुनाव के लिए पांच चरणों का मतदान हो चुका है। छठे चरण के लिए 25 मई को मतदान होना है। सभी दलों के नेता चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में सपा मुखिया अखिलेश यादव मंगलवार को आजमगढ़ जिले की लालगंज लोकसभा सीट पर जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। इसी दौरान यहां भगदड़ मच गई। बताया जा रहा है कि जनसभा में जमकर ईंट-पत्थर भी चले और समर्थकों ने एक-दूसरे पर कुर्सियां भी फेंकी।
लालगंज लोकसभा सीट पर जनसभा करने पहुंचे थे अखिलेश
लालगंज लोकसभा सीट से सपा की ओर से दरोगा प्रसाद चुनाव मैदान में हैं। वहीं बीजेपी ने नीलम सोनकर को उतारा है। मंगलवार को अखिलेश यादव उनके समर्थन में चुनाव प्रचार करने सरायमीर थाना क्षेत्र के खरेमा बाजार पहुंचे थे। जैसे ही मंच पर अखिलेश यादव पहुंचे, तुरंत सपा कार्यकर्ता बेकाबू हो गए और बैरीकेडिंग तोड़कर सपा मुखिया की ओर बढ़ने लगे।
भीड़ की संख्या हजारों में थी। ऐसे में पुलिस को स्थिति को काबू में करने के लिए लाठी चार्ज करना लड़ा। पुलिस ने वहां मौजूद भगदड़ करने वालों पर लाठियां बरसाईं। जैसे ही पुलिस ने लाठियां चलाई, सभी सपा समर्थक भागने लगे। इस दौरान कई गिर भी गए। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से लाठी चार्ज किया।
फूलपुर में भी मची थी भगदड़
इससे पहले प्रयागराज के फूलपुर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अखिलेश यादव की जनसभा के दौरान भी भगदड़ मची थी। यहां भी हालात बेकाबू हो गए थे। दोनों नेताओं को सुरक्षा अधिकरियों ने वहां से जाने के लिए भी कह दिया था। हालांकि इस बीच दोनों नेताओं ने रैली स्थल पर ही एक-दूसरे से बातचीत का वीडियो जारी किया था।
संतकबीरनगर में भी दिखा था ऐसा ही दृश्य
वहीं अखिलेश यादव की संतकबीरनगर की जनसभा में भी भगदड़ मची थी। यहां भी सपा कार्यकर्ताओं ने बैरीकेडिंग तोड़ दी थी और मंच की ओर बढ़ रहे थे, जिसकी वजह से अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। संतकबीरनगर की रैली का जो वीडियो वायरल हुआ था, उसमें देखा जा सकता है कि बड़ी संख्या में समर्थकों ने सुरक्षा घेरा तोड़ दिया और सपा मुखिया की कार तक पहुंच गए थे।