UP Politics: लोकसभा चुनाव 2024 से पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव को बड़ा झटका लगा है। सपा विधायक दारा सिंह चौहान ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। दारा सिंह चौहान का इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने स्वीकार कर लिया है। संभावना जताई जा रही है कि पूर्व मंत्री दारा सिंह भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम सकते हैं। बीजेपी उनको पूर्वांचल की किसी एक सीट लोकसभा चुनाव भी लड़ा सकती है।
पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान मौजूदा वक्त में उत्तर प्रदेश की घोषी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। चौहान पिछली बीजेपी सरकार में मंत्री थे। विधानसभा चुनाव 2022 से ठीक पहले वो भाजपा से इस्तीफा देकर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे।

दारा सिंह चौहान का असर मऊ समेत 20 जिलों में हैं। अपने समाज के बड़े नेताओं में उनकी गिनती की जाती है। भाजपा की पिछली सरकार में वो वन और पर्यावरण मंत्री थे। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले वह बीजेपी छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए थे।

दारा सिंह का राजनीतिक करियर

पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से की थी। चौहान 1996-2000 में राज्यसभा सदस्य भी रहे। साल 2009 में उन्होंने बसपा के टिकट पर घोसी से लोकसभा चुनाव जीता। अब एक बार फिर से उन्होंने पाला बदला है। माना जा रहा है कि बीजेपी उनको फिर से घोसी से लोकसभा मैदान में उतार सकती है।

महीनों से बीजेपी के संपर्क में थे दारा सिंह: सपा

दारा सिंह चौहान के पार्टी छोड़ने पर सपा प्रवक्ता आईपी सिंह ने कहा, ‘दारा सिंह चौहान घोषी मऊ से लोकसभा का चुनाव भाजपा से लड़ना चाहते हैं। वो महीनों से बीजेपी के सम्पर्क में थे। सपा 354 घोषी और गाजीपुर लोकसभा की रिक्त सीट पर उप-चुनाव की मांग करती है। उन्होंने कहा कि गाजीपुर लोकसभा सीट खाली है पर भाजपा चुनाव लड़ने से कतरा रही है और चुनाव टाला जा रहा है।’

बीजेपी में शामिल हो सकते दारा सिंह

इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ”दारा सिंह चौहान बहुत जल्द बीजेपी में शामिल होंगे, लेकिन अभी यह तय नहीं हुआ है कि वह किस सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।” हालांकि, एक अन्य भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी चौहान को घोसी लोकसभा क्षेत्र से मैदान में उतार सकती है, जहां से 2019 में सपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ते हुए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने जीत हासिल की थी।

योगी कैबिनेट में मंत्री रहे दारा सिंह

चौहान 2017 से 2022 तक आदित्यनाथ कैबिनेट में कैबिनेट मंत्री थे। उन्होंने 12 जनवरी, 2022 को कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया। अपने त्याग पत्र में चौहान ने तब कहा था कि वह भाजपा सरकार द्वारा नजरअंदाज किये जाने से परेशान थे। उन्होंने कहा था कि पिछड़े वर्गों, वंचितों, दलितों, किसानों और बेरोजगार युवाओं और पिछड़े वर्गों और दलितों के आरक्षण के साथ खिलवाड़ हो रहा है। तब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक ट्वीट कर चौहान को सामाजिक न्याय का सिपाही बताया था।