लोकसभा चुनाव से पहले RJD को एक और बड़ा झटका लगा है। शुक्रवार को भभुआ से विधायक भरत बिंद (RJD MLA Bharat Bind) ने पाला बदल लिया और विधानसभा में सत्ता पक्ष में जाकर बैठ गए। पिछले 15 दिनों में पांचवे विधायक ने आरजेडी का साथ छोड़ा है। वहीं, INDIA गठबंधन से 7 और कांग्रेस से 2 विधायक ने दल बदला है।
बीजेपी में शामिल होने पर राजद के पूर्व विधायक भरत बिंद ने कहा, “मुझे शामिल होना था इसलिए आ गया। हर कोई अपनी पार्टी ठीक से चला रहा है। मुझे बीजेपी की नीतियों पर भरोसा है इसलिए आ गया।”
कौन है भरत बिंद?
कैमूर जिले के चांद थाना क्षेत्र के सिलौटा गांव के रहने वाले भरत बिंद ने 2010 में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। 2010 में जिला परिषद का चुनाव लड़कर उन्होंने जीत हासिल की थी। 2015 में बहुजन समाज पार्टी से भभुआ विधानसभा से चुनाव मैदान में उतरे थे लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
इसके बाद भरत बिंद लालू प्रसाद यादव की पार्टी आरजेडी में शामिल हो गए। 2020 के विधानसभा चुनाव में आरजेडी से भरत बिंद को टिकट मिला और उन्होंने भभुआ सीट से चुनाव लड़ा। इस सीट से उन्हें जीत हासिल हुई। अब एक बार उन्होंने आरजेडी को झटका दे दिया है और पाला बदलकर बीजेपी में शामिल हो गए हैं।
आरजेडी के 5 विधायक बीजेपी में शामिल
आरजेडी के अब तक 5 विधायक बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। भरत बिंद 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी से अलग होकर आरजेडी में आए थे। अंदेशा यह भी जताया जा रहा है कि कांग्रेस के कई और विधायक बीजेपी नेताओं के संपर्क में हैं। इससे पहले कांग्रेस-राजद गठबंधन के तीन विधायक मंगलवार को बिहार विधानसभा के भीतर सत्ता पक्ष के सदस्यों के साथ जा बैठे थे। यह नाटकीय घटनाक्रम बिहार विधानसभा में भोजनावकाश के बाद हुआ।
कार्यवाही शुरू होने पर आरजेडी की संगीता कुमारी के अलावा कांग्रेस विधायकों- मुरारी गौतम और सिद्धार्थ सिंह को उपमुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी के पीछे सदन के भीतर प्रवेश करते देखा गया। चौधरी की तरफ से इशारा करने पर वह सत्ता पक्ष की ओर बैठ गए और सत्तारूढ़ आरजेडी के विधायकों ने मेज थपथपाकर इसका अनुमोदन किया।
