Lok Sabha Election 2019 के लिए प्रियंका गांधी के बाद रॉबर्ट वाड्रा ने भी कांग्रेस की मदद के लिए मैदान में उतरने के संकेत दिए हैं। एएनआई ने उनसे पूछा था कि क्या आप कांग्रेस के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘हां मैं भी पूरे भारत में प्रचार करूंगा।’
उल्लेखनीय है कि हाल ही में प्रियंका गांधी की सक्रिय राजनीति में एंट्री के बाद उनके भी चुनावी मैदान में उतरने के कयास लगाए जा रहे थे। लेकिन उन्होंने एक सवाल के जवाब में साफ कर दिया था कि वे अपने ऊपर चल रही जांच में क्लीनचिट मिलने तक वे चुनाव नहीं लड़ेंगे। फिलहाल उनकी तरफ से सिर्फ प्रचार करने के लिए हामी भरी गई है।
Headline: National Hindi News, 07 April 2019 LIVE Updates: पढ़ें आज की बड़ी खबरें
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी को इसी साल पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया था। इसके साथ ही उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए पूर्वी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। उत्तर प्रदेश में पिछले चुनाव में बुरी तरह से पिछड़ी कांग्रेस के कार्यकर्ता इस बार उन्हें ट्रंप कार्ड मान रहे हैं। जबसे उन्होंने पद संभाला है तभी से वे लगातार अपने कार्यक्रमों को लेकर चर्चा में है। इस दौरान उन्होंने लखनऊ में रोड शो, गंगा यात्रा, बनारस में होली सेलिब्रेशन, इलाहाबाद में प्रचार का आगाज जैसे कामों से सुर्खियां बटोरीं।
हालांकि प्रियंका के चुनाव लड़ने को लेकर अब तक तस्वीर साफ नहीं हुई है। माना जा रहा है कि कांग्रेस उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से मैदान में उतार सकती है। लेकिन पार्टी या प्रियंका की तरफ से कोई संकेत नहीं दिए गए हैं।
उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर सात अलग-अलग चरणों में मतदान होगा। मतदान की शुरुआत 11 अप्रैल से होगी और अंतिम चरण का मतदान 19 मई को होगा। चुनाव के नतीजे 23 मई को आएंगे।
