Kumbh Mela 2019 : प्रयागराज में भक्ति की लहर के साथ-साथ राजनीतिक बयार भी काफी तेजी से चल रही है। प्रियंका गांधी के कुंभ स्नान के लिए आने से पहले ही लगातार उनके पोस्टर लगाए जा रहे हैं। कुछ दिन पहले लगे पोस्टर में प्रियंका गांधी को गंगा की बेटी बताया गया था। वहीं, अब उन्हें दुर्गा का अवतार दिखाया गया है। नए पोस्टरों में वे महिषासुर का मर्दन करती नजर आ रही हैं।
स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने लगवाए पोस्टर : प्रियंका के दुर्गा रूप वाले पोस्टर स्थानीय कांग्रेस नेता इरशाद उल्लाह और अनिल चौधरी ने लगवाए हैं। इनमें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की तस्वीर भी है। वहीं, महिलाओं की सुरक्षा, महंगाई पर रोक, युवाओं को रोजगार, किसानों को कर्जमाफी, लोकपाल बिल, राम मंदिर, मुस्लिम-दलितों की सुरक्षा जैसे मुद्दों का जिक्र भी किया गया है।
पहले लगा था गंगा की बेटी वाला पोस्टर : 29 जनवरी को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपनी पूरी कैबिनेट के साथ संगम में डुबकी लगाई थी। उस दौरान कुंभ मेला परिसर में जगह-जगह प्रियंका के पोस्टर लगे दिखे, जिनमें उन्हें गंगा की बेटी बताया गया था। गौरतलब है कि 2014 में वाराणसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ते वक्त नरेंद्र मोदी को गंगा का बेटा बताया गया था। अब कांग्रेस कार्यकर्ता प्रियंका गांधी को गंगा की बेटी के रूप में दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। इन पोस्टरों में यूपी फतह का दावा भी किया गया है।
राहुल गांधी बने ‘राम’ : पोस्टर में कांग्रेस के नेताओं को भगवान के प्रतिरूप दिखाने का चलन सिर्फ प्रियंका गांधी तक ही सीमित नहीं है। पटना और अमेठी में कई जगह ऐसे पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें राहुल गांधी को राम का प्रतिरूप दिखाया गया है। ये पोस्टर 3 जनवरी को पटना में होने वाली राहुल की रैली के मद्देनजर लगाए गए हैं।