पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के सात महीने बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने कोलकाता नगर निगम (केएमसी) की सत्ता पर मंगलवार को लगातार तीसरी बार कब्जा कर लिया। पार्टी के उम्मीदवारों ने 144 वार्डों में से 134 में जीत दर्ज कर ली है। 3 सीटों पर भाजपा तथा 2-2 सीटों पर वाम मोर्चा और कांग्रेस ने सफलता पाई है। शेष तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीते है। इस बीच कोलकाता के मेयर और राज्य मंत्री फिरहाद हकीम ने कहा, “यह कोलकाता के लोगों की जीत है, क्योंकि उन्होंने हम पर अपना विश्वास जताया है। बड़ी जीत के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी आती है। पार्टी ने 23 दिसंबर को एक बैठक बुलाई है, जहां अगले महापौर का फैसला किया जाएगा।”

राज्य चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अब तक सिर्फ एक सीट जीती है और तीन अन्य पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। कांग्रेस ने दो सीटों पर फतह हासिल की है लेकिन माकपा नीत वाम मोर्चा ने अब तक अपना खाता नहीं खोला है। हालांकि, उसके उम्मीदवार दो वार्डों में आगे चल रहे हैं।

कोलकाता नगर निगम के 144 वार्डों के लिए मतदान 19 दिसंबर को कड़ी सुरक्षा और सख्ती से लागू किए गए कोविड प्रोटोकॉल के बीच हुआ था। राज्य में 4,959 मतदान केंद्र बनाए गए थे। मतदान के दिन जमकर हिंसा हुई थी। बीजेपी ने हिंसा के लिए टीएमसी पर आरोप लगाया था। बीजेपी तब राज्यपाल और राज्य निर्वाचन आयोग के पास भी ममता बनर्जी की पार्टी की शिकायत लेकर गई थी।

मतदान के दिन, बेलियाघाटा मेन रोड पर खन्ना हाई स्कूल के सामने दो बम फेंके गए थे, जो वार्ड संख्या 36 के अंतर्गत आता है। भाजपा ने आरोप लगाया था कि बम विस्फोट के लिए तृणमूल कांग्रेस जिम्मेदार थी, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ पार्टी ने यह कहते हुए इनकार किया कि यह मतदान प्रक्रिया को बाधित करने की विपक्ष की एक साजिश थी।

Live Updates
20:27 (IST) 21 Dec 2021
कोलकाता नगर निकाय चुनाव में वाम दलों का दूसरे स्थान पर आना टीएमसी की रणनीति का हिस्सा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कहा कि कोलकाता नगर निकाय चुनाव में मत प्रतिशत के मामले में माकपा नीत वाम दलों का दूसरे स्थान पर आना विपक्षी मतों के विभानज की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की रणनीति का हिस्सा है।

19:18 (IST) 21 Dec 2021
जीत से उत्साहित ममता बनर्जी ने गुवाहाटी में कामाख्या मंदिर में पूजा की

जीत से उत्साहित पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को गुवाहाटी के कामाख्या देवी मंदिर में पूजा अर्चना की। बनर्जी दोपहर में गुवाहाटी पहुंची और सीधा नीलाचल हिल्स पर स्थित मंदिर गईं, जहां पुजारियों ने उनका स्वागत किया।

18:23 (IST) 21 Dec 2021
टीएमसी ने 101 सीटें जीत लीं, सत्ता पर पूरी तरह हुआ कब्जा

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने कोलकाता नगर निगम (केएमसी) की सत्ता पर मंगलवार को लगातार तीसरी बार कब्जा कर लिया। पार्टी के उम्मीदवारों ने 144 वार्डों में से 101 में जीत दर्ज कर ली है, जबकि 33 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है।

16:33 (IST) 21 Dec 2021
कांग्रेस के पूर्व विधायक एलेक्सो रेजिनाल्डो लौरेंको टीएमसी में शामिल

कांग्रेस की गोवा इकाई के पूर्व विधायक एलेक्सो रेजिनाल्डो लौरेंको पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मौजूदगी में मंगलवार को यहां उनके आवास पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में शामिल हो गए।

15:32 (IST) 21 Dec 2021
भारी विजय की ओर बढ़ रही टीएमसी

कोलकाता नगर निगम चुनाव में टीएमसी भारी विजय की ओर बढ़ रही है। अब तक 104 सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है। बीजेपी विधानसभा चुनाव की तरह ही यहां भी पिछड़ती दिख रही है। यहां मुख्य मुकाबला टीएमसी और बीजेपी के बीच है। वहीं कांग्रेस और वाम दलों जैसे अन्य राजनीतिक संगठन भी मैदान में हैं।

15:07 (IST) 21 Dec 2021
104 पर टीएमसी की जीत

पश्चिम बंगाल राज्य चुनाव आयोग के अनुसार कोलकाता नगर निगम चुनाव में टीएमसी ने 104 सीटें जीती हैं और 30 अन्य सीटों पर आगे चल रही हैं।

14:58 (IST) 21 Dec 2021
89 सीट पर टीएमसी का कब्जा

ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस लगातार तीसरी बार कोलकाता नगर निगम में सत्ता बरकरार रखने के बहुमत तक पहुंच गई है। पार्टी पहले ही 89 सीटें हासिल कर चुकी है और 44 अन्य पर आगे चल रही है। बीजेपी ने 1 वार्ड जीता है और चार पर आगे है।

13:45 (IST) 21 Dec 2021
दो पर कांग्रेस को मिली जीत

सीपीआई और सीपीआई (एम) 1-1 सीट पर आगे चल रहे हैं। पश्चिम बंगाल राज्य चुनाव आयोग ने बताया कि कांग्रेस को अब तक 2 सीटें मिली हैं।

13:23 (IST) 21 Dec 2021
71 सीटों पर जीती टीएमसी

ताजा नतीजों के मुताबिक टीएमसी 71 सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है। वहीं 61 पर आगे चल रही है।

12:28 (IST) 21 Dec 2021
ममता बनर्जी ने दी बधाई

टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने ट्वीट कर केएमसी चुनाव में पार्टी को जीत मिलने पर उम्मीदवारों को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा- सभी उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई। अत्यंत परिश्रम और कृतज्ञता के साथ लोगों की सेवा करना याद रखें! मैं एक बार फिर हम पर विश्वास करने के लिए केएमसी के प्रत्येक निवासी को तहे दिल से धन्यवाद देती हूं"।

11:54 (IST) 21 Dec 2021
34 पर टीएमसी जीती

अब तक के जारी परिणामों के अनुसार टीएमसी 34 सीटों पर जीत चुकी है। वहीं 96 सीटों पर आगे चल रही है।

11:26 (IST) 21 Dec 2021
13 सीटों पर टीएमसी जीती

कोलकाता नगर निगम के चुनाव परिणामों में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने 13 सीटों पर जीत हासिल कर ली है। साथ ही 112 सीटों पर आगे चल रही है।

11:02 (IST) 21 Dec 2021
ममता के घर के बाहर जश्न

निगम चुनाव में जीत की ओर बढ़ रही टीएमसी के समर्थकों ने अब जश्न मनाना शुरू कर दिया है। तृणमूल कार्यकर्ता और समर्थक, बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के बाहर जश्न मना रहे हैं।

10:49 (IST) 21 Dec 2021
3 सीटों पर टीएमसी की जीत

अभी तक के परिणामों के अनुसार ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने तीन सीटों पर जीत हासिल कर ली है।

10:38 (IST) 21 Dec 2021
वार्ड नंबर 45 में कांग्रेस आगे

वार्ड नंबर 45 में कांग्रेस आगे चल रही है। कांग्रेस पार्षद संतोष पाठक तृणमूल के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से आगे हैं।

10:30 (IST) 21 Dec 2021
बीजेपी यहां से आगे

वार्ड नंबर 22 और 23 में बीजेपी आगे चल रही है। वार्ड नंबर 22 में बीजेपी की पार्षद मीना देवी पुरोहित टीएमसी के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से आगे हैं।

10:18 (IST) 21 Dec 2021
बहुमत की ओर टीएमसी

पश्चिम बंगाल राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक टीएमसी 114, बीजेपी 2, सीपीआई (एम) 2, कांग्रेस 2, निर्दलीय 1 सीट पर आगे है।

10:03 (IST) 21 Dec 2021
टीएमसी 93 सीटों पर आगे

ताजा रुझानों के अनुसार टीएमसी अब 93 सीटों पर आगे चल रही है।

09:53 (IST) 21 Dec 2021
चार पर बीजेपी आगे

बीजेपी 4 सीटों पर और कांग्रेस 2 सीटों पर आगे चल रही है।

09:45 (IST) 21 Dec 2021
55 सीटों पर टीएमसी आगे

ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस अब 55 सीटों पर आगे चल रही है।

09:39 (IST) 21 Dec 2021
बीजेपी तीन सीटों पर आगे

शुरुआती रुझानों के मुताबिक बीजेपी तीन वार्डों में आगे चल रही है। वहीं कांग्रेस और लेफ्ट दोनों, दो सीटों पर आगे चल रहे हैं।

09:33 (IST) 21 Dec 2021
टीएमसी को यहां मिली बढ़त

बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी को वार्ड संख्या 23, 11, 31, दो, चार और सात में शुरुआती बढ़त मिली है।

09:08 (IST) 21 Dec 2021
शुरुआती रुझानों में टीएमसी आगे

राज्य चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बताया कि कोलकाता नगर निगम चुनाव के 144 वार्डों के लिए मतगणना मंगलवार सुबह शुरू हुई। जहां शुरुआती रुझानों में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने छह वार्डों में बढ़त बना ली है।

08:46 (IST) 21 Dec 2021
काउंटिंग शुरू

कोलकाता निगम चुनाव के लिए मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई है। थोड़ी देर में रुझान आने शुरू हो जाएंगे।

08:30 (IST) 21 Dec 2021
पुराने चेहरों पर ही टीएमसी का दांव

सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने इस बार के चुनावों में भी ज्यादातर पिछले बार के जीते हुए उम्मीदवारों पर ही भरोसा जताया है। पिछली बार जीते कुल 126 वार्ड पार्षदों में से लगभग 39 मौजूदा वार्ड पार्षदों को टिकट नहीं दिया है। इसके अलावा बाकी सभी पुराने चेहरों पर ही पार्टी ने दांव लगाया है।

08:01 (IST) 21 Dec 2021
पिछले चुनाव में टीएमसी को मिली थी जीत

2015 में कोलकाता नगर निगम के चुनाव में टीएमसी ने 124 सीटें जीतीं थी। जबकि बीजेपी और वाम दलों ने क्रमशः केवल पांच और 13 वार्डों में जीत हासिल की थी। वहीं कांग्रेस दो सीटों पर सिमट गई थी।

07:50 (IST) 21 Dec 2021
64 प्रतिशत हुआ था मतदान

कोलकाता नगर निगम चुनाव में लगभग 64 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस चुनाव में 950 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला आज होगा।