उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उद्घाटन किए जाने के बाद लुलु मॉल चर्चाओं में है। इसके मालिक को लेकर भी लोगों के मन में सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इसके मालिक युसुफ अली हैं, जो दुनियाभर के टॉप बिजनेसैमन में शामिल हैं।
युसुफ अली केरल के मुस्लिम परिवार से हैं। काफी कम उम्र में उन्होंने अपने चाचा का रिटेल का बिजनेस संभाल लिया था, जिसके लिए वो अबू धाबी चले गए थे। 2021 की फोर्ब्स मैग्जीन के रिकॉर्ड के मुताबिक, युसुफ दुनियाभर के सबसे अमीर बिजनेसमैन की लिस्ट में 38वें स्थान पर थे।
युसुफ अली का लुलु ग्रुप 42 देशों में काम करता है और 57 हजार से ज्यादा लोग इस ग्रुप में काम करते हैं। साल 2021 में युसुफ अली को अबू धाबी के सर्वोच्च पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
युसुफ अली को अबू धाबी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के उपाध्यक्ष के रूप में भी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा वो पद्मश्री और प्रवासी भारतीय पुरस्कार से भी नवाजे जा चुके हैं।
जब हेलीकॉप्टर हादसे में बाल-बाल बचे थे लुलु ग्रुप के मालिक
यह बात साल 2021 की है, जब वो अपनी पत्नी के साथ हेलीकॉप्टर से जा रहे थे, तभी हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। यह हादसा केरल में हुआ था। हालांकि इस हादसे में वो और उनकी पत्नी बाल-बाल बच गए थे और ज्यादा चोटें नहीं आई थीं।
उत्तर प्रदेश में इस मॉल का उद्घाटन रविवार (10 जुलाई, 2022) को किया गया था, जो कोच्चि, बेंगलुरु, तिरुवनंतपुरम और त्रिशूर के बाद देश में लुलु ग्रुप द्वारा बनाया गया पांचवां मॉल है। उद्घाटन समारोह में राज्य विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास, निर्यात संवर्धन, एनआरआई और निवेश संवर्धन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए थे।