लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा। कई राज्यों में उसका खाता तक नहीं खुल सका। लेकिन केरल में उसे जरूर कुछ सफलता हाथ लगी। यहां से खुद कांग्रेस के शीर्ष नेताओं में से एक राहुल गांधी ने जीत दर्ज की। इसके अलावा शशी थरूर भी केरल से ही चुनकर संसद पहुंचे हैं। इस सबके बीच कांग्रेस की युवा महिला सांसद राम्या हरिदास ने भी जीत दर्ज की। ऐसे में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राम्या को कार गिफ्ट देने के लिये ‘‘क्राउड फंडिंग’’ के जरिए धन जुटाने का फैसला किया है। गौरतलब है कि राज्य से इस बार राम्या एकमात्र महिला लोकसभा सांसद हैं।
बता दें कि पहली बार सांसद बनीं राम्या हरिदास लोकसभा में राज्य के अलाथुर संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं। युवा कांग्रेस के अलाथुर इकाई के अध्यक्ष पलायम प्रदीप ने अपनी फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘हमलोग आम जनता से नहीं बल्कि खासतौर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच क्राउड फंडिंग की योजना बना रहे हैं। हालांकि अगर कोई इसमें योगदान करना चाहता है तो वह कर सकता है।’’ उन्होंने बताया कि केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता नौ अगस्त को सांसद को वाहन की चाबी सौपेंगे। इस बीच राम्या हरिदास ने ‘पीटीआई’ से कहा कि इस फैसले से वह खुश हैं और गौरवान्वित महसूस कर रही हैं।
गौरतलब 2019 लोकसभा चुनाव के नतीजे कांग्रेस के लिए बेहद निराशाजनक साबित हुए। कांग्रेस इस बार महज 52 सीटों पर ही सिमट कर रह गई। पार्टी की जहां सरकारें थी कर्नाटक, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बुरी तरह परास्त हुई है। खुद राहुल गांधी भी अमेठी से चुनाव हार गए थे।