केरला में चुनाव प्रचार के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी हाल ही में कोच्चि गए थे और इसी कड़ी में वह महिला कॉलेज की छात्राओं से संवाद करने गए थे। इस दौरान उन्होंने वहां के सेंट थेरेसा कॉलेज की छात्राओं ने उन्हें आइकिडो सिखाने के लिए कहा। आइकिडो आधुनिक जापानी मार्शल आर्ट की ही एक शैली है। राहुल गांधी इसके जानकार भी हैं। छात्राओं के अनुरोध पर उन्होंने उन्हें इसकी ट्रेनिंग दी। हालांकि उनके इस कार्य से कई लोग उनकी आलोचना करने लगे।

केरल के कई नेताओं का कहना है कि जब राज्य में चुनाव चल रहा है और सभी दलों के वरिष्ठ राजनेता अपने प्रत्याशियों की जीत के लिए प्रचार में लगे हैं, तब ऐसे वक्त पर राहुल गांधी इस तरह के काम में समय नष्ट कर रहे हैं। उनकी सबसे कड़ी आलोचना केरल के पूर्व सांसद जॉयस जॉर्ज ने की। इडुक्की से वर्ष 2014 में माकपा के समर्थन से बतौर निर्दलीय लोकसभा चुनाव जीतने वाले जॉर्ज ने सोमवार को यहां के इरत्तयार में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी के खिलाफ कथित अत्यंत अपमानजनक टिप्पणी की। उन्होंने कहा था, “राहुल गांधी केवल महिला कॉलेजों का ही दौरा करेंगे और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष का सामना करने के दौरान लड़कियों को ‘सतर्क’ रहना चाहिए।” उन्होंने आरोप लगाया, “लड़कियां उनके सामने कभी नहीं झुकें…वह समस्या पैदा करने वाले अविवाहित हैं।”

https://twitter.com/knowthenation/status/1376815763927953411

उनकी इस टिप्पणी पर विरोध भी शुरू हो गया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ लैंगिक टिप्पणी करने के मामले में चौतरफा आलोचनाओं से घिरे पूर्व सांसद जॉयस जॉर्ज ने मंगलवार को अपनी टिप्पणी वापस ले ली और सार्वजनिक रूप से इसके लिए खेद व्यक्त किया। बयान से किनारा करते हुए केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने कहा कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) राहुल गांधी पर की गई व्यक्तिगत टिप्पणी के साथ नहीं है। उन्होंने कासरगोड में पत्रकारों से बातचीत में कहा, “हम उनका राजनीतिक रूप से विरोध करेंगे, व्यक्तिगत रूप से नहीं।”

पूर्व सांसद जॉयस जॉर्ज के बयान की कांग्रेस ने कड़ी निंदा की है। केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रमेश चेन्नीथला ने मंगलवार को गांधी के खिलाफ बयान को लैंगिक बताते हुए कहा कि ‘यह दुर्भाग्यपूर्ण एवं अस्वीकार्य’ है। उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

सांसद और युवा कांग्रेस के नेता डी. कुरियाकोस ने पूर्व सांसद जॉर्ज की आलोचना करते हुए कहा कि संभवत: उन्होंने अपने चरित्र के बारे में बात की। उन्होंने कहा, “उनके अंदर की फूहड़ता अब बाहर आ गई है। राहुल गांधी की आलोचना करने की उनकी क्या योग्यता है? वह पूर्व ऊर्जा मंत्री एमएम मणि के नक्शेकदम पर चल रहे हैं, जिन्हें ऐसे अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए जाना जाता है।” कुरियाकोस ने कहा कि पूर्व सांसद ने न केवल गांधी का अपमान किया बल्कि छात्राओं का भी अपमान किया।