दिल्ली सरकार पर डीटीसी घोटाले के आरोप को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राजधानी में पानी का संकट गंभीर होता जा रहा है। चौतरफा प्रदूषण है। महंगाई, बेरोजगारी भी तेजी से बढ़ रही है, लेकिन सरकार कुछ नहीं कर रही है। इस बीच पुलिस ने कांग्रेस नेता अलका लांबा को हिरासत में ले लिया।

विरोध-प्रदर्शन के दौरान अलका लांबा ने कहा दिल्ली बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रही है। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने कहा था कि रोजगार देंगे, लेकिन हाथ-हाथ को दारू देकर फ्री होम डिलीवरी शराब दे रही हैं। कहीं राहत नहीं मिल रही है। अगर वे ये सोचते हैं कि विधानसभा में कांग्रेस नहीं है तो सड़कों से आवाज गूंजेंगी। सड़कों से दिल्ली वालों के लिए हक और न्याय मांगेंगे। उन्होंने कहा लड़ेंगे और जीतेंगे। कहा कि अब दिल्ली के विपक्ष की आवाज को सदन तक पहुंचाने का काम कांग्रेस करेगी।

गुरुवार को सुबह से ही दिल्ली सिविल लाइन मेट्रो स्टेशन के पास बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करने लगे। हाथों में पोस्टर बैनर के साथ ही अलग-अलग सिंबॉलिक तरीके से गंदे पानी, बढ़ती महंगाई, पेट्रोल और कोरोना के दौरान दिल्ली सरकार के खराब प्रबंधन को लेकर ये विरोध प्रदर्शन हो रहा है। विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस के बैरियर को क्रास कर अलका लांबा उसके ऊपर चढ़ गईं। इस पर पुलिस ने अलका लांबा समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।