कर्नाटक में कांग्रेस विधायक के भाजपा में शामिल होने पर आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस पर तंज कसा है। आप ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से कांग्रेस विधायक के भाजपा में शामिल होने की खबर को ट्वीट करते हुए लिखा कि “कांग्रेस का एमएलए है तो बिकेगा जरूर, इसलिए हार में बीजेपी को रहता है गुरूर”।

दरअसल, कर्नाटक कांग्रेस के उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री प्रमोद माधव राज में कल कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा देते हुए भाजपा का दामन थाम लिया था। उनको भाजपा में शामिल करने के लिए हुए कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई भी मौजूद थे।

माधवराज ने शनिवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डी.के शिवकुमार को दिया और उसमें लिखा कि मुझे यह बताते हुए बहुत खेद हो रहा है कि पिछले तीन सालों के दौरान उडुपी जिले की कांग्रेस पार्टी में मेरा अनुभव काफी बुरा रहा है। मुझे पार्टी में घुटन हो रही है। कई बार पार्टी के बड़े नेताओं के सामने उनकी ओर से तथ्यों को लाया गया है लेकिन उनकी समस्या के निदान के लिए कोई भी कदम नहीं उठाया गया है।

माधवराज ने आगे कहा कि उडुपी में पार्टी की परिस्थितियों के कारण अब उनका पार्टी में बने रहना संभव नहीं है लिहाजा वह पार्टी मे उपाध्यक्ष के पद को अस्वीकार करते हैं और पार्टी के प्राथमिक सदस्य समेत सभी पदों से इस्तीफा दे रहे हैं।

गौरतलब है कि माधवराज को हाल ही में कांग्रेस नेतृत्व की ओर राज्य में प्रदेश कांग्रेस कमेटी का उपाध्यक्ष बनाया गया था। वह कांग्रेस की सिद्धारमैया सरकार में मत्स्य पालन, खेल और युवा अधिकारिता मंत्री रह चुके हैं।

अन्य राज्यों में भी कांग्रेस नेतृत्व से नाराजगी: कुछ दिनों पहले गुजरात कांग्रेस के विधायक अश्विनी कोटवाल ने यह कहते हुए पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे कि कांग्रेस एक एनजीओ बनकर रह गई है और राज्य नेतृत्व पर उनकी समस्याओं को नजरअंदाज करने का भी आरोप लगाया था। कोटवाल गुजरात के बड़े आदिवासी नेता माने जाते हैं। वह खेडब्रह्मा सीट से 2007 से लगातार जीतते आ रहे हैं।

गुजरात और कर्नाटक में विधानसभा चुनाव: गुजरात में इस साल के आखिर में और कर्नाटक में 2023 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में नेताओं का लगातार कांग्रेस को छोड़ना। आने वाले चुनावों को देखते हुए कांग्रेस के लिए खतरे की घंटी है।