Karnataka Minister Threatened to Burn Entire Family: कर्नाटक में जमीन के विवाद को सुलझाने का आग्रह करने पर एक मंत्री ने कथित तौर पर पूरे परिवार को जलाकर मार डालने की धमकी दे डाली। इससे दुखी गरीब परिवार के सभी सदस्य आत्मदाह करके जान देने की कोशिश की, हालांकि पुलिस ने उनको किसी तरह बचा लिया और अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में मंत्री और तीन अन्य के खिलाफ केस दर्ज हो गया है।

राज्य के पर्यटन एवं पर्यावरण मंत्री आनंद सिंह मंगलवार को होस्पेट ग्रामीण पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव के दौरे पर थे। गांव में एक समुदाय के लोगों और अनुसूचित जाति के पोलप्पा के बीच गांव के एक भूखंड को लेकर विवाद चल रहा है। इस दौरान समुदाय के सदस्यों ने विवाद को सुलझाने के लिए उनसे अनुरोध किया था। इस पर मंत्री ने कथित रूप से पोलप्पा को पूरे परिवार सहित जलाकर मार डालने की धमकी दी।

मंत्री के खिलाफ एससी-एसटी अधिनियम में दर्ज हुआ मामला

इससे परेशान पोलप्पा और उसके परिवार के सभी सदस्य रिश्तेदारों के साथ मंगलवार रात होस्पेट ग्रामीण पुलिस थाने पहुंचे और आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि उनको बचा लिया गया है। पोलप्पा की शिकायत पर पुलिस ने मंत्री और अन्य के विरुद्ध एससी-एसटी अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की धारा 504 और 506 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने कहा कि आत्मदाह का प्रयास करने पर पोलप्पा और उसके रिश्तेदारों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।

कर्नाटक में इस तरह धमकाने और विवादित बयान देने का मामला बढ़ता जा रहा है। कभी मंत्री तो कभी विधायक सार्वजनिक तौर पर लोगों को धमकी देते सुर्खियों में रहे हैं। हालांकि इस बार मामले में पर्यटन एवं पर्यावरण मंत्री आनंद सिंह के खिलाफ केस दर्ज हो जाने से यह विवाद गहरा गया है।

कर्नाटक के पर्यटन एवं पर्यावरण मंत्री आनंद सिंह का इस तरह धमकी भरा बयान देना पहला मामला नहीं है। इससे पहले इसी महीने कर्नाटक शिवमोगा से विधायक ईश्वरप्पा का विवादित बयान सामने आया था। उन्होंने कहा, ‘जहां चाहेंगे वहां पोस्टर लगाएंगे। ये मुसलमानों के बाप की जगह नहीं है। देश किसी धर्म की जागीर नहीं है। अगर शांति से रहना है तो रहें, देश विरोधी पाकिस्तान चले जाएं। ईश्वरप्पा ने यह बयान सावरकर-टीपू पोस्टर विवाद को लेकर दिया है।