कर्नाटक के बेलगावी शहर में झील के किनारे बैठे भाई-बहन की कुछ लोगों ने बेवजह जमकर पिटाई कर दी। 17 लोगों के समूह ने लड़की और लड़के को पाइप और छड़ों से बेरहमी से पीटा। जानकारी में सामने आया कि वह दोनों चचेरे भाई-बहन हैं और सरकार की योजना के लिए आवेदन करने यहां आए थे।
आखिर में जब उनका परिवार मौके पर पहुंचा तो हमलावरों ने उन्हें छोड़ दिया। मारने वाले लोगों को शक था कि उनके धर्म की लड़की किसी दूसरे धर्म के लड़के के साथ बैठी है, यही वजह थी कि वह उन दोनों पर बरस पड़े, यह जानकारी स्थानीय मीडिया के जरिए सामने आई है।
क्या था मामला?
बेलगावी में झील के किनारे बैठी लड़की वहां बैठे लड़के की चचेरी बहन है, हालांकि दोनों का धर्म अलग है, दरअसल लड़की के माता-पिता ने अंतर-धार्मिक विवाह किया था। पुलिस ने बताया कि सचिन नाम के इस लड़के और लड़की को आरोपियों ने बुरी तरह पीटा है और उन्हें कई चोट भी आई हैं।
बताया जा रहा है कि चचेरे भाई बहन शनिवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे बेलगावी में किला झील के पास बैठे थे. इसी दौरान लड़कों का एक ग्रुप आया और उनका नाम पूछने लगा. जब उन्हें पता चला कि वे अलग-अलग धर्म के हैं, तो आरोपियों ने लड़के से सवाल करना शुरू कर दिया कि जब वह हिंदू है तो वह लड़की के बगल में क्यों बैठा है।
लड़के ने क्या बताया?
पुलिस के मुताबिक पीड़ित लड़के ने बताया कि जब वह झील के किनारे बैठे थे तो कुछ लोगों ने आकर उनसे नाम पूछा और कहा कि वह अलग धर्म के हैं तो एक साथ क्यों बैठे हैं? लड़के के मुताबिक उनकी संख्या बढ़ती गई है वह हमें एक कमरे में ले गए, वहां जमकर पिटाई की गई, मोबाइल छीन लिया गया और पैसे भी छीने गए।