Karnataka-Maharashtra Border Dispute: कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच चल रहे सीमा विवाद के बीच एक छात्र की कुछ लोगों ने इस वजह से पिटाई कर दी कि उसने इंटर कॉलेज इवेंट में कर्नाटक का झंडा फहरा दिया था। छात्रों की यूनियन ने इसे लेकर बेलागवी में बेमियादी धरना शुरू कर दिया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी तक ये साफ नहीं हो सका है कि पिटाई झंडा फहराने के लिए की गई थी। ध्यान रहे कि 3 दिसंबर को महाराष्ट्र के मंत्री ने कर्नाटक का दौरा करना है। दोनों सूबों के बीच सीमा विवाद भी अरसे से चल रहा है।
कन्नड़ समर्थक संगठनों ने गुरुवार को कर्नाटक के बेलगावी में उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया, जिन्होंने एक इंटर-कॉलेज उत्सव के दौरान राज्य का झंडा लहराने के बाद कथित तौर पर एक छात्र को पीटा था। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच सीमा विवाद चल रहा है और महाराष्ट्र के मंत्रियों के 3 दिसंबर को क्षेत्र के दौरे से पहले बेलगावी में अत्यधिक तनाव है।
इससे एक दिन पहले वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें बेलगावी में गोगटे कॉलेज ऑफ कॉमर्स के एक छात्र को कर्नाटक का झंडा लहराने के बाद अन्य छात्रों द्वारा कथित तौर पर पिटाई करते दिखाया गया है।
कन्नड़ रक्षण वेदिके (केआरवी) ने आरोप लगाया कि छात्र को इसलिए पीटा गया क्योंकि वह कर्नाटक का झंडा लहरा रहा था। कन्नड़ समर्थक समूह ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस स्टेशन पहुंचा तो पुलिस ने कथित तौर पर उसकी ‘पिटाई’ भी की।
केआरवी के एक सदस्य दीपक गुडागा ने कहा, ‘श्रेयस की पिटाई अन्य भाषाई समूहों के छात्रों ने सिर्फ कन्नड़ झंडा लहराने के लिए की। इसके अलावा, बेलगावी के कई कॉलेजों में मराठी भाषी लोगों का दबदबा है। अतीत में ऐसी ही घटनाएं सामने आई हैं जहां कन्नड़ संस्कृति और कन्नडिगों का अपमान किया गया था।
गुलाग ने कहा, ‘थाने में शिकायत दर्ज कराने आए एक युवा लड़के की पिटाई करना वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के लिए बहुत ही अशोभनीय है। हम तब तक विरोध जारी रखेंगे जब तक कि दोषियों को सजा नहीं मिल जाती।”
