कानपुर के कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे के एनकाउंटर विवाद में स्वामी बाबा रामदेव भी कूद पड़े हैं। शुक्रवार (10 जुलाई, 2020) को उन्होंने कहा है दूबे जैसे दुर्दांत का अंत इसी तरह होना चाहिए। ये बातें योग गुरु के टि्वटर हैंडल से वीडियो संदेश के साथ कही गईं।
लिखा गया- दुबे जैसे लोगों का अंत ऐसे ही होना चाहिए। संविधान, कानून, न्यायालय और लोकतंत्र आदि सज्जनों को न्याय देने और दुष्टों को सजा देने के लिए ही हैं। तरीका चाहे जो हो। दुबे जैसे राजनीति और अपराधियों के गठजोड़ की शेष गंदगी भी ऐसे ही साफ होनी चाहिए।
कानपुर में विकास दुबे के एनकाउंटर से जुड़े सभी अपडेट्स पाएं, यहां
दुबे, कानपुर के बिकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले का मुख्य आरोपी था। शुक्रवार सुबह वह कानपुर के भौती इलाके में कथित पुलिस मुठभेड़ मे मारा गया। पुलिस के अनुसार, उज्जैन से कानपुर लाते समय हुए सड़क हादसे में एक पुलिस वाहन के पलटने के बाद दुबे ने भागने का प्रयास किया था।
देखें, उनका वीडियो संदेशः
#विकासदूबे जैसे लोगों का अंत ऐसे ही होना चाहिए, संविधान,कानून,न्यायालय एवं लोकतंत्र आदि सज्जनों को न्याय देने व दुष्टों को सजा देने के लिए ही हैं. तरीका चाहे जो हो.#विकासदूबे जैसे राजनीति और अपराधियों के गठजोड़ की शेष गंदगी भी ऐसे ही साफ होनी चाहिए.#UPPolice pic.twitter.com/hkQAf9YhMD
— स्वामी रामदेव (@yogrishiramdev) July 10, 2020
पुलिस महानिरीक्षक मोहित अग्रवाल के मुताबिक, सड़क हादसे के बाद दुबे ने मौके से भागने का प्रयास किया, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में वह मारा गया। वहीं, पुलिस वाहन पलटने से पुलिस निरीक्षक सहित चार पुलिसकर्मी घायल भी हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है।
कानपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी ने बताया कि सड़क दुर्घटना सुबह हई। उन्होंने कहा ‘‘तेज बारिश हो रही थी। पुलिस ने गाड़ी तेज भगाने की कोशिश की जिससे वह डिवाइडर से टकराकर पलट गयी और उसमें बैठे पुलिसकर्मी घायल हो गये। उसी मौके का फायदा उठाकर दुबे ने पुलिस के एक जवान की पिस्तौल छीनकर भागने की कोशिश की और कुछ दूर भाग भी गया था।’’
बकौल कुमार, ‘‘तभी पीछे से एस्कार्ट कर रहे एसटीएफ के जवानों ने उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की और उसी दौरान उसने एसटीएफ पर गोली चला दी जिसके जवाब में जवानों ने भी गोली चलाई और वह घायल होकर गिर पड़ा। हमारे जवान उसे अस्पताल लेकर गये जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।’’
उधर, गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज (जीएसवीएम) के कार्यवाहक प्राचार्य डा आर बी कमल ने बताया कि दुबे को अस्पताल में पूरी तरह से मृत अवस्था में लाया गया था। उसके शरीर पर चार घाव दिखे, जिनमें से तीन सीने पर और एक हाथ में थे। दुबे का कोरोना टेस्ट भी करवाया गया और उसकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।