महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट मंत्री विजय वडेट्टीवार ने कहा कि कंगना रनौत भाजपा के समर्थन से राज्य और मुंबई पर हमले कर रही हैं। उन्होंने कहा “महाराष्ट्र भाजपा को कंगना पर अपना रुख साफ करना चाहिए। क्या वे महाराष्ट्र पुलिस के खिलाफ उसके द्वारा दिए गए बयानों का समर्थन करते हैं?”
वरिष्ठ शिवसेना नेता संजय राउत से तीखी झड़प के बाद अभिनेत्री कंगना रनौत को केंद्र सरकार ने ‘Y’ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान कर दी है। उन्हें मिली इस सुरक्षा के बाद शिवसेना के विधायक ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार तो दाऊद इब्राहिम को भी महाराष्ट्र सरकार से बचाने के लिए सुरक्षा दे देगी। शिवसेना विधायक प्रताप सरनाइक ने कहा, “अगर कल को महाराष्ट्र सरकार दाऊद इब्राहिम के खिलाफ बोलने लग जाये तो केंद्र सरकार उसे (दाऊद को) भी सुरक्षा मुहैया करा देगी।
उन्होंने आगे केंद्र सरकार पर भेदभाव का आरोप लगते हुए कहा कि उन्हें मुंबई पुलिस पर विश्वास नहीं है। कंगना का नाम न लेते हुए विधायक सरनाइक ने कहा कि मुंबई और महाराष्ट्र की तुलना पाक अधिकृत कश्मीर से करने वालों पर कार्यवाही होनी चाहिए। आपको बता दें कि कंगना और महाराष्ट्र सरकार के बीच विवाद तब और ज्यादा बढ़ गया था जब उन्होंने मुंबई की तुलना पाक अधिकृत कश्मीर से कर डाली थी।
उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने यहां तक कह डाला था कि उन्हें मुंबई में रहने का कोई अधिकार नहीं है। वहीं महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट मंत्री विजय वडेट्टीवार ने कहा कि कंगना रनौत भाजपा के समर्थन से राज्य और मुंबई पर हमले कर रही हैं। उन्होंने कहा “महाराष्ट्र भाजपा को कंगना पर अपना रुख साफ करना चाहिए। क्या वे महाराष्ट्र पुलिस के खिलाफ उसके द्वारा दिए गए बयानों का समर्थन करते हैं।”
केन्द्रीय गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार ‘Y’ श्रेणी की सुरक्षा के तहत अभिनेत्रीकी सुरक्षा में 11 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। लगातार मिल रही धमकियों के बीच उनके पिता ने हिमाचल प्रदेश की सरकार से सुरक्षा की मांग की थी। लेकिन उन्हें गृह मंत्रालय से ‘Y’ श्रेणी की सुरक्षा मिल गई। इसके लिए उन्होंने ट्वीट करके केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी धन्यवाद दिया था।