असम पुलिस के सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय ने असम सरकार के संयुक्त सचिव केके शर्मा को गिरफ्तार किया है। केके शर्मा सुरक्षा फर्म लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए एक शिकायतकर्ता से 90,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़े गए हैं। वहीं उनके आवास की तलाशी में 49.247 लाख रुपये की बेहिसाब नकदी जब्त की गई है।
वहीं इस पूरे मामले पर असम सरकार के एडीजीपी (कानून और व्यवस्था) जीपी सिंह ने ट्वीट कर कहा, “देर शाम ऑपरेशंस में सतर्कता विभाग द्वारा केके शर्मा रंगे हाथ फंस गए। सुरक्षा फर्म लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए शिकायतकर्ता से 90 हजार रुपये रिश्वत लेने के बाद असम सरकार के केके शर्मा (संयुक्त सचिव) को गिरफ्तार कर लिया।”
वहीं असम पुलिस ने शुक्रवार को तलाशी अभियान के दौरान दो जिलों से 11 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की हेरोइन और भांग जब्त की है। अधिकारियों ने बताया कि असम पुलिस ने मेघालय की सीमा के निकट जोरबाट में एक ट्रक को रोका और उसमें से 2500 किलोग्राम भांग जब्त की। उन्होंने बताया कि जब्त किए गए प्रतिबंधित सामान की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। अभियान का नेतृत्व गुवाहाटी के संयुक्त पुलिस आयुक्त पार्थसारथी महंत ने किया। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
वहीं इसके बाद कार्बी आंगलोंग जिले में एक अन्य अभियान में पुलिस ने गुप्त सूचना पर दो वाहनों को रोका और लगभग 1263.24 ग्राम हेरोइन जब्त की। अधिकारियों ने बताया कि नशीले पदार्थ को 100 साबुन के बक्सों में पैक किया गया था और वाहन को एयर बैग में छिपा दिया गया था।
उन्होंने बताया कि इसे नगालैंड के दीमापुर से करीब 128 किलोमीटर दूर नगांव ले जाया जा रहा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब्त मादक पदार्थ की कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक है। इस संबंध में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
बता दें कि जब से हेमंता बिस्वा सरमा असम के मुख्यमंत्री बने हैं, उसके बाद से ही उन्होंने ड्रग्स के खिलाफ एक अभियान छेड़ रखा है। असम सरकार ने पिछले डेढ़ साल में करोड़ों रुपए की ड्रग्स जब्त की है और उसे नष्ट कर दिया गया है।