चारा घोटाला में सजायाफ्ता राष्ट्रीय जनता दल (आरेजेडी) के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती हैं। मंगलवार (4 जून 2019) की रात से उनके बाथरूम में पानी नहीं आ रहा। इसकी वजह से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं इसकी सूचना मिलते ही प्रशासन के हाथ-पैर फूल गए। प्रशासन लालू को हो रही इस परेशानी को दूर करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।

मालूम हो कि बीते दिनों लालू जिस वॉर्ड में भर्ती हैं उसकी बिजली कटौती की वजह से परेशानी में पड़ा गए थे। एसी बंद होने की वजह से उनका ब्लड प्रेशर बढ़ गया था। उन्हें घुटन और सांस लेने में तकलीफ हुई थी। जिसके बाद उन्हें बरामदे में कुछ देर के लिए टहलाया गया तो उनकी तबीयत सामान्य हुई।

मिलने वालों का लगा रहता है तांता
लालू से अस्पताल में मिलने वालों को तांता लगा रहता है। पार्टी के नेता और उनके चाहने वाले उनसे मिलने आते रहते हैं। वहीं उनसे मिलने के बाद उनके साथियों ने कहा है कि लालू की तबीयत ठीक नहीं। इसके साथ ही उनका इलाज कर रहे डॉक्टर डीके झा ने भी माना कि लालू की तबीयत ठीक नहीं।

टीवी देखने से बिगड़ी तबीयत
डॉक्टर के मुताबिक लालू की तबीयत पिछले दिनों ज्यादा टीवी देखने की वजह से बढ़ गई। वह काफी देर तक टीवी देख रहे थे जिसकी वजह से वह अपना नाश्ता टाइम पर नहीं कर रहे थे। जिसकी वजह से उनका शूगर लेवल असंतुलित हो गया था। बीते दिनों यूरिन में इन्फेक्शन की शिकायत के बाद उन पर डॉक्टरों की एक टीम लगातार नजर बनाये हुए थी।