रविवार को समाप्त हुए तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन मिला जुला रहा है। कांग्रेस ने दो विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की है। झारखंड की एक सीट और त्रिपुरा की चार में से एक सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार विजयी हुए हैं। पंजाब के संगरूर और दिल्ली की राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर उसे हार का सामना करना पड़ा है। वहीं यूपी की दोनों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार ही नहीं उतारे थे।
त्रिपुरा में एक पर जीत- त्रिपुरा में रविवार को हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा ने तीन विधानसभा सीटों पर और कांग्रेस ने एक पर जीत हासिल की है। अगरतला सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सुदीप रॉय बर्मन ने 3,163 मतों के अंतर से जीत हासिल की। बर्मन पहले बीजेपी में थे, फिर मुख्यमंत्री से अनबन के बाद उन्होंने बीजेपी छोड़ कांग्रेस में घरवापसी की थी।
झारखंड में बीजेपी की हार- कांग्रेस उम्मीदवार शिल्पी नेहा तिर्की ने झारखंड की मांडर सीट पर हुए उपचुनाव में जीत हासिल कर ली है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की गंगोत्री कुजूर को 23,517 मतों के अंतर से हराया है। पूर्व विधायक बंधु तिर्की की बेटी और सत्तारूढ़ झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन द्वारा समर्थित शिल्पी नेहा ने कुल 95,062 वोट हासिल किए। भ्रष्टाचार के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद बंधु तिर्की की सदस्यता चली गई थी, जिसके बाद यहां उपचुनाव हुआ है।
संगरूर उपचुनाव- भगवंत मान के विधायक बनने के बाद खाली हुई इस सीट पर आप तो हारी ही है, साथ ही मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस को भी करारी हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस इस सीट पर तीसरे नंबर पर रही। कांग्रेस उम्मीदवार दलबीर गोल्डी को 79526 वोट मिले।
दिल्ली उपचुनाव सीट- दिल्ली की राजेंद्र नगर सीट पर आम आदमी पार्टी ने अपना कब्जा बरकरार रखा है। आप के दुर्गेश पाठक ने यहां से जीत हासिल की है। इस सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार की जमानत जब्त हो गई है। कांग्रेस की प्रेमलता 2014 वोट ही मिले।