Jharkhand Minister Hafizul Hasan: झारखंड में सोमवार को हेमंत सोरेन सरकार ने बहुमत साबित करने के बाद मंत्रिमंडल का गठन भी किया। राजभवन में 11 मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इसमें मंत्री हफीजुल हसन की शपथ को लेकर विवाद खड़ा हो गया। जब उनको शपथ दिलाने के लिए बुलाया गया तो उन्होंने शपथ की शुरुआत ही बिस्मिल्लाह के साथ में की। इस पर भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने आपत्ति जताई है। इतना ही नहीं, राष्ट्रगान के समय उनके कपड़े सही करने का वीडियो भी खूब तेजी से वायरल हो रहा है। बीजेपी नेताओं ने राज्यपाल से राजभवन जाकर मुलाकात की और ज्ञापन भी सौंपा।

शपथ के दौरान उन्होंने बिस्मिल्लाह रहमानिर रहीम कहा। बीजेपी ने इस पर नाराजगी जताते हुए इसे असंवैधानिक बताया। बीजेपी ने राज्यपाल से अपील करते हुए कहा कि इन्हें पदभार ग्रहण ना करने दिया जाए। इस मामले पर असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने भी कड़ी आपत्ति जताई है।

हिमंत बिस्वा सरमा ने भी जताई आपत्ति

मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसका वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि झारखण्ड राज्य में मंत्री ऐसे शपथ लेते हैं। हम चुप नहीं बैठेंगे। राज्य के नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने राज्यपाल से आग्रह किया है कि हफीजुल हसन को कार्यभार ग्रहण ना करने दें। यह शपथ पूरी तरह से अमान्य है और संविधान के खिलाफ भी है।

इसके अलावा शपथ ग्रहण समारोह का एक और वीडियो भी है जो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि राष्ट्रगान चल रहा है और सभी लोग अटेंशन की मुद्रा में खड़े हुए हैं। अचानक से मंत्री हफीजुल गले में लिपटे हुए अपने स्कार्फ को सही करने में लगे हुए हैं।

कौन हैं हफीजुल हसन?

हफीजुल हसन झारखंड की राजनीति में काफी मशहूर नाम है। वह बिना विधायक बने भी मंत्री का पदभार संभाल चुके हैं। फरवरी 2021 में हफीजुल हसन ने मंत्री पद की शपथ ली थी। उस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन थे। जब हसन ने मंत्री पद की शपथ ली थी तब वह विधायक भी नहीं थे। हफीजुल हसन, हाजी हुसैन अंसारी के बेटे हैं। हाजी हुसैन अंसारी शिबू सोरेन के करीबी माने जाते हैं। उनका निधन साल 2020 में हो गया था। इसके बाद उनकी जगह उनके बेटे को मंत्री बनाया गया है। एक बार फिर से उन्हें खेल के अलावा कई विभागों की जिम्मेदारी भी दी गई है। इसमें अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, पर्यटन, कला संस्कृति और युवा कार्य विभाग शामिल है।