कोरोना वायरस के चलते झारखंड में एक परिवार पर कहर टूटा है। इस महामारी के चलते एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत हो गई है। मां की अर्थी को कंधा देने वाले पांच बेटों की भी एक के बाद एक मौत हो गई है। छठा बेटा नाजुक हालात में है। वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
मामला धनबाद के कतरास इलाके का है। जानकारी के मुताबिक चार जुलाई को पहले 88 वर्षीय मां की मौत बोकारो के एक निजी अस्पताल में हुई। जांच रिपोर्ट में पता चला कि वह कोरोना पॉजिटिव थी। इसके बाद उनके एक बेटे की मौत रांची के रिम्स में हो गई। कुछ दिन बाद दूसरे बेटे ने भी कोरोना के चलते केंद्रीय अस्पताल में दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि यह बुजुर्ग महिला 27 जून को अपने पोते की शादी में शामिल होने के लिए दिल्ली गई थी। वहां से आने के बाद अचानक तबियत बिगड़ गई। इसके बाद परिवार में एक के बाद एक लोगों की मौत होती गई। 15 दिन में हंसता खेलता परिवार पूरी तरह से तबाह हो गया। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार के दौरान एहतियात नहीं बरता गया जिसके बाद वायरस का संक्रमण और लोगों में भी फैल गया। परिवार के अन्य सदस्य भी कोरोना संक्रमित हैं और उनका इलाज चल रहा है।
बता दें कि झारखंड में अब तक कोरोना से 56 मरीजों की मौत हुई है। झारखंड में कोरोना के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 5552 हो गई है। राहत की बात ये है कि राज्य में 2718 लोग इस संक्रमण से उबर चुके हैं। झारखंड में एक्टिव मरीज 2785 हैं।
