जहानाबाद से पूर्व सांसद और मगध क्षेत्र के प्रभावशाली नेता डॉ. अरुण कुमार शनिवार को अपने बेटे ऋतुराज के साथ जेडीयू में शामिल हो गए। जेडीयू में उनकी यह दूसरी पारी है। पटना स्थित जेडीयू के प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने दोनों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

बिहार सरकार में मंत्री विजय चौधरी और अशोक चौधरी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

संजय झा ने कहा, ‘‘अरुण कुमार और ऋतुराज के शामिल होने से जेडीयू को जहानाबाद के साथ-साथ पूरे मगध क्षेत्र में नयी ऊर्जा मिलेगी। जनता अब विकास की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काम पर भरोसा जता रही है।’’

बिहार में किसकी बनेगी सरकार, कौन पसंदीदा CM…

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा, ‘‘समता पार्टी के जमाने से ही अरुण बाबू हमारे सहयोगी रहे हैं। बीच में वह अलग हो गए थे लेकिन अब घर वापसी कर चुके हैं। पार्टी में उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।’’ ललन सिंह ने कहा कि अरुण कुमार की वापसी से मगध क्षेत्र में वोटों का तूफान आएगा।

सीएम नीतीश को दी थी धमकी

डॉ. अरुण कुमार भूमिहार समुदाय से आते हैं और लंबे समय से मगध क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। कभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले अरुण कुमार ने 2024 का लोकसभा चुनाव बसपा के टिकट पर लड़ा था। चुनाव के मौके पर उन्होंने एक बार फिर जेडीयू में वापसी की है।

अरुण कुमार वही नेता हैं जिन्होंने एक वक्त में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को शारीरिक रूप से नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी। अरुण कुमार दो बार जहानाबाद से सांसद रह चुके हैं।

भोजपुरी सिंगर पवन सिंह नहीं लड़ेंगे बिहार विधानसभा चुनाव