मुस्लिम डिलिवरी ब्वॉय से खाना नहीं लेने वाले जबलपुर निवासी पंडित अमित शुक्ला की दिक्कतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। जबलपुर पुलिस ने अब उसे नोटिस भेजने का फैसला किया है। साथ ही, अमित से एक बॉन्ड साइन कराने की बात भी कही है। बता दें कि अमित शुक्ला ने फूड डिलिवरी ऐप Zomato से खाना ऑर्डर किया था। जब उसने देखा कि डिलिवरी ब्वॉय मुस्लिम है तो उसने ऑर्डर कैंसल कर दिया था। साथ ही, इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर भी दी थी।
बॉन्ड भी साइन कराएगी पुलिस: जबलपुर के एसपी अमित सिंह ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि पंडित अमित शुक्ला को नोटिस भेजा जाएगा। साथ ही, उससे बॉन्ड भी साइन कराया जाएगा। इसके अलावा पुलिस अगले 6 महीने तक उसकी गतिविधियों पर नजर रखेगी। अगर वह ऐसी हरकत दोहराता है तो उसे हिरासत में भी लिया जाएगा।
National Hindi News, 01 August 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
Zomato ने कहा था- खाना खुद एक धर्म है: एसपी ने बताया कि अमित शुक्ला का ट्वीट संविधान की भावना के खिलाफ है। वहीं, ऐप बेस्ड फूड डिलिवरी सर्विस जोमैटो ने भी शुक्ला की शिकायत का करारा जवाब दिया था। जोमैटो ने ट्वीट किया था कि खाने का कोई धर्म नहीं होता। खाना खुद एक धर्म है।
Bihar News Today, 01 August 2019: बिहार की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
जोमैटो के सीईओ ने भी किया ट्वीट: जोमैटो के सीईओ दीपेंद्र गोयल ने भी इस मामले में ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, ‘‘हम देश में मौजूद अपने ग्राहकों व पार्टनर्स की विविधता का सम्मान करते हैं। इसके बावजूद हमें ऐसे बिजनेस को खोने का दुख नहीं होगा, जो हमारे आदर्शों के रास्ते में आएगा।’’
कस्टमर ने ऑर्डर कैंसल कर मांगा था रिफंड: बता दें कि अमित शुक्ला ने मुस्लिम डिलिवरी ब्वॉय को देखकर ऑर्डर कैंसल कर दिया था। साथ ही, दूसरे राइडर से खाना भिजवाने की मांग की थी। हालांकि, कंपनी ने इसके लिए इनकार कर दिया। साथ ही, रिफंड देने से भी मना कर दिया था। इसके बाद कस्टमर ने कानूनी कार्यवाही करने की धमकी भी दी थी।
