Mini Bus Accident in Poonch News: जम्मू कश्मीर के पुंछ में बुधवार (14 सितंबर) को बड़ा सड़क हादसा हुआ है। पुंछ के सवजियान इलाके में एक मिनी बस दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को मंडी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा तब हुआ जब बस मंडी से सवजियान जा रही थी। इस दौरान बस खाई में गिर गई थी। मंडी तहसीलदार शहजाद लतीफ ने बताया, “पुंछ के सवजियान इलाके में मिनी बस का हादसा हो गया। सेना द्वारा बचाव अभियान जारी है। दुर्घटना में अभी तक 11 लोगों की मौत की सूचना है। घायलों को मंडी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल अधिक जानकारी का इंतजार है।”
राष्ट्रपति ने जताया शोक: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुर्घटना पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, “पुंछ के सवजियान में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लोगों की मौत अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।” जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रत्येक मृतक के परिवार के सदस्यों के लिए 5-5 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। साथ ही अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने का भी निर्देश दिया।
उपराज्यपाल ने किया मुआवजे का ऐलान: उपराज्यपाल ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, “पुंछ के सवजियान में सड़क दुर्घटना में हुई मौत से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें। मृतक के परिजन को पांच लाख रुपये दिए जाएंगे। पुलिस और सिविल अधिकारियों को घायलों को हर संभव इलाज मुहैया कराने का निर्देश भी दिया गया है।”
हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल हो गया। स्थानीय लोग भी तत्काल मौके पर मदद के लिए पहुंचे थे। फिलहाल सभी घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा है। अफसरों ने आशंका जताई है कि हादसे में मरने वाले लोगों की संख्या अभी बढ़ सकती है।
इससे पहले जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में सोमवार को एक कार के सड़क से फिसल कर गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। अफसरों ने बताया था कि वो लोग कार से थाथरी से छीरा इलाके की ओर जा रहे थे तभी नंदना गांव के निकट हादसा हुआ था।