Iranian Girl Indian Boy: यूपी के मुरादाबाद में एक सगाई चर्चा का विषय बनी हुई है। यह सगाई ईरान देश से आई फैजा और मुरादाबाद के रहने वाला यूट्यूबर दिवाकर कुमार की है। यह दोनों अलग-अलग धर्म से संबंध रखते हैं। इंटरनेट के जरिये दोनों की दोस्ती हुई और फिर प्यार हो गया। फैजा अपने पिता को साथ लेकर 20 दिन के टूरिस्ट वीजा पर भारत आई और दोनों परिवार की रजामंदी से सगाई कर ली। दिवाकर कुमार ने कहा कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह लोग जल्द ही शादी के बंधन में बंध जाएंगे।
दिवाकर कुमार ने बताया कि तीन साल पहले फैजा और मेरा कॉन्टेक्ट इंस्टाग्राम के माध्यम से हुआ था। शुरुआत में हम दोनों एक दूसरे के देशों के बारे में बात करते थे। दिवाकर ने कहा कि मैं यूट्यूब पर ब्लॉग बनाता हूं। इसके बाद हम दोनों एक दूसरे को समझने लगे और हमें प्यार हो गया।
खुद सीखी फारसी तो फैजा को सिखाई हिंदी
यूट्यूबर दिवाकर कुमार ने बताया कि फैजा का रहन-सहन काफी अलग है। पहले तो मुझे बहुत परेशानी हुई। जब मैं ईरान गया तो मेरी दाढ़ी बहुत बड़ी थी। तब फैजा के परिवार वाले कहते थे कि दाढ़ी इतनी बड़ी क्यों है। लेकिन मैं उनके कल्चर को समझ गया तो उनके अनुसार ही सब चीज समझता गया। फिर फैजा के परिवार वाले भी शादी को मान गए। इसके बाद फैजा से फारसी सीखी और उसको हिंदी भी सिखा दी।
फैजा की ईरान की कानूनी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। LIU में डॉक्यूमेंट सबमिट कर दिए गए हैं। जैसे ही कानूनी प्रक्रिया पूरी होगी, हम दोनों शादी करेंगे। दिवाकर ने आगे बताया कि फैजा के पिता अखरोट की खेती करते हैं। दो दिन पहले फिजा अपने पिता के साथ मुरादाबाद गई और शुक्रवार को दोनों ने सगाई कर ली।
फैजा और उसके पिता की अयोध्या जाने की चाहत
दिवाकर ने बताया कि फैजा और उसके पिता ताजमहल का दीदार करना चाहते हैं। साथ ही, वह यह भी जानना चाहते हैं कि अयोध्या इन दिनों चर्चा का विषय क्यों बना हुआ है। इसीलिए वह अयोध्या जाना चाहते हैं। वह भारत की संस्कृति को समझना चाहते हैं और यहां से रूबरू होना चाहते हैं।