मध्य प्रदेश के इंदौर ( 31मई, 2022) में ‘इंदौर गौरव दिवस’ के अवसर पर शहर के नेहरू स्टेडियम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन किया गया। इस दौरान पार्श्व गायिका श्रेया घोषाल और मनोज मुंतशिर ने जहां अपने गानों से लोगों का दिल जीता। वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कैलाश विजयवर्गीय भी मंच पर एक साथ गाते हुए नजर आए।
श्रेया घोषाल ने मंच पर मुख्यमंत्री से अपनी आवाज में गाने का आह्वान किया। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कैलाश विजयवर्गीय को भी मंच पर बुला लिया। दोनों ने ‘नदिया चले, चले रे धारा… चंदा चले, चले रे तारा… गाने को एक साथ गया। बीजेपी के दोनों दिग्गज नेताओं को एक मंच पर गाते हुए देखकर मौजूद लोगों ने भी उनका साथ दिया।
इस शानदार मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि इंदौर में अहिल्याबाई का भव्य स्मारक बनाने के लिए एक ट्रस्ट की स्थापना होगी। जिसकी अध्यक्ष पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन होंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि इंदौर लोक माता अहिल्या देवी का शहर है। इस शहर की अनेक विशिष्ट पहचान है। यह शहर विकास और समृद्धि की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस शहर को हम जनसहयोग से विश्व के सबसे बेहतर शहरों में शामिल करेंगे। यह शहर जनभागीदारी का जीता जागता उदाहरण है। यह कला, संस्कृति और शिक्षा की नगरी है। स्वच्छता की दिशा में इस शहर ने विश्व में अपनी नई पहचान कायम की है। इंदौर ने जैसा गौरव दिवस मनाया है, वह अदभुत है। इंदौर का अनुकरण अब पूरा प्रदेश करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरे साथ संकल्प लीजिए कि आप अपने नागरिक कर्तव्यों का पालन करेंगे, अपने व्यवसाय, रोजगार, शिक्षा और बाकी कामों के साथ एक नया अच्छा काम जरूर करेंगे, जो इंदौर और मध्यप्रदेश को आगे बढ़ाएगा। अलग-अलग एक काम अगर हमने हाथ में ले लिया तो इंदौर दुनिया का अद्भुत शहर बन जाएगा। आने वाले समय में देश का आईटी हब हम इंदौर को बनाएंगे । इंदौर विकास प्राधिकरण के द्वारा सुपर कॉरिडोर पर स्टार्टअप पार्क का निर्माण बहुत जल्दी करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि भिखारियों का नहीं दान वीरों का शहर है इंदौर, इसलिए भिक्षुक मुक्त शहर बनाएंगे हम इंदौर को।