कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी एक बार फिर विपक्षियों के निशाने पर आ गए हैं। कारण इस बार उनका पगड़ी न पहनना बना है। एक कार्यक्रम के दौरान उनका स्वागत किया गया। खास किस्म की पगड़ी आगे बढ़ाई गई। मगर कांग्रेस मुखिया ने अपना हाथ लगाकर उसे पहनने से रोक दिया। घटना के दौरान किसी ने उनका वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर खूब वायरल हुआ। लोगों ने पगड़ी न पहनने राहुल पर सवाल उठाए। कहा गया कि कहीं कांग्रेस अध्यक्ष ने ऐसा कर के कर्नाटक के लोगों का अपमान तो नहीं किया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद ने भी इसी घटना से जुड़े एक वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किया है।

बता दें कि कर्नाटक में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। 12 मई को यहां पर मतदान होगा, जिसके नतीजे 15 मई को आएंगे। ऐसे में, कर्नाटक में जीत के लिए कांग्रेस पार्टी एड़ी-चोटी का जोर लगाती नजर आ रही है। राहुल गांधी ने बीच-बीच में कर्नाटक के कई दौरे किए, जिसमें वे मंदिर से लेकर मस्जिद तक दर्शन करने पहुंचे। ताजा मामला भी राहुल के कर्नाटक दौरे से जुड़ा है। भाजपा सांसद राजीव चंद्रशेखर ने मंगलवार (27 मार्च) को इस क्लिप को अपने ट्विटर हैंडल से पोस्ट किया।

सांसद से पहले ये क्लिप मैक थिमइया के अकाउंट से पोस्ट की गई थी। लिखा गया था, “देखिए, कैसे राहुल गांधी ने मैसूर की पेटा (मैसूर की पगड़ी) पहनने से साफ इनकार कर दिया। कहीं ये कन्नड़ लोगों का अपमान तो नहीं है? आमतौर पर जो राजनेता मैसूर आते हैं, उन्हें यह पगड़ी सम्मान के तौर पर पहनाई जाती है। मैसूर पेटा का पारंपरिक महत्व है और कोई इसे पहनने से ना नहीं कहता। यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को भी जब यह पगड़ी पहनाई गई थी, तो उन्होंने इससे पहनने से मना नहीं किया था।”

https://twitter.com/mac_thimmaiah/status/978583689322840070

38 सेकंड के वीडियो में राहुल किसी कार्यक्रम में थे। मंच पर उनके साथ कुछ और लोग भी थे। वे उन्हें सम्मान के तौर पर मैसूर की यही खास पगड़ी पहना रहे थे, मगर कांग्रेस अध्यक्ष ने लोगों को ऐसा करने से रोक दिया। राहुल को जैसे ही यह पगड़ी पहनाने के लिए बढ़ाई गई तो उन्होंने अपना हाथ लगाकर उसे नहीं पहनने का इशारा किया।