Delhi MCD Bypoll Result 2025: दिल्ली नगर निगम के 12 वार्डों में हुए उपचुनाव के नतीजे बुधवार को घोषित हुए। इसे लेकर आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सिर्फ 10 महीनों में ही जनता का विश्वास एक बार फिर तेजी से आम आदमी पार्टी की ओर लौट रहा है।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “निगम उपचुनाव में इस बार आम आदमी पार्टी ने अपने समर्पित कार्यकर्ताओं को चुनाव मैदान में उतारा और दिल्ली की जनता ने अपने जनादेश से ये साफ कर दिया है कि दिल्ली का जनसमर्थन लगातार AAP की तरफ मजबूत हो रहा है।
आप की तरफ लौट रहा लोगों का भरोसा- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा, “सिर्फ 10 महीनों में ही जनता का विश्वास एक बार फिर तेजी से आम आदमी पार्टी की ओर लौट रहा है। दिल्ली बहुत जल्द वापस सकारात्मक राजनीति और अच्छे कामों की तरफ लौट रही है।”
एमसीडी उपचुनाव के नतीजों पर क्या बोले सौरभ भारद्वाज
एमसीडी उपचुनाव के नतीजों पर AAP दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा, “बीजेपी के पास 9 सीटें थीं और AAP के पास 3 सीटें थीं। ये 9 सीटें वो थीं जो बीजेपी ने परिसीमन के बाद अपने पक्ष में की थीं। आज मेयर बीजेपी का है, सीएम बीजेपी का है, लेकिन फिर भी उनके सांसद गली-गली जाकर लोगों से कह रहे थे कि अगर आप AAP का पार्षद चुनोगे तो वो उसे काम नहीं करने देंगे। ये रिकॉर्ड में है। दिल्ली सरकार की 10 महीने की एंटी-इनकंबेंसी सबके सामने है।”
ये भी पढ़ें: जहां से कभी पार्षद थीं रेखा गुप्ता, वहां बीजेपी ने कर दिया कमाल
किसे कितनी सीटें मिलीं?
बता दें कि दिल्ली की सत्ता मिलने के बाद दिल्ली नगर निगम के उपचुनाव बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार के लिए अग्निपरीक्षा थे। कुल 12 वार्डों में से भारतीय जनता पार्टी ने सात, आम आदमी पार्टी ने तीन, कांग्रेस पार्टी ने एक और ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लॉक ने एक सीट पर जीत हासिल की है। विधानसभा चुनाव से पहले उपचुनाव वाले 12 में से नौ वार्डों में बीजेपी काबिज थी। इसके मुकाबले इस बार पार्टी को सात पर ही जीत मिली है। पहले बीजेपी के कब्जे में रहा मुंडका और संगम विहार वार्ड पार्टी से छिन गया है। इस बार मुंडका सीट पर आम आदमी पार्टी और संगम विहार वार्ड में कांग्रेस ने जीत हासिल की है। वहीं, उपचुनाव वाले 12 में से तीन वार्डों में आम आदमी पार्टी का कब्जा था।
ये भी पढ़ें: MCD चुनावों में हार के बाद संजय सिंह ने लगाया वोट चोरी का आरोप
