IMD Weather Forecast: देश की राजधानी नई दिल्ली में अब तापमान बढ़ने लगा है। मंगलवार को यहां अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
IMD के वैज्ञानिक और क्षेत्रीय मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने मंगलवार को बताया, ”इस सप्ताह तापमान के लगभग 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है लेकिन राजधानी में लू नहीं चलेगी क्योंकि 13 और 14 अप्रैल को गरज के साथ बारिश हो सकती हैं।”
उन्होंने बताया कि अप्रैल, मई और जून में गर्मी सबसे ज्यादा होती है और इन महीनों में मौसम गर्म रहेगा इसलिए अगले सप्ताह तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। गर्मी के इस मौसम में 30 मार्च को अधिक अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो दूसरा सबसे अधिक तापमान वाला दिन रहा था।
बुधवार को आंशिक रूप से छाए रहेंगे बादल
मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। वहीं अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 38 और 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। IMD द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के नजफगढ़ में शाम साढ़े छह बजे अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (भाषा)